नई दिल्ली: फुटबॉल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है और अगले साल इसका महाकुंभ, फीफा वर्ल्ड कप, खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जो पहली बार हो रहा है। इस कारण फैंस में उत्साह का स्तर काफी ऊँचा है। फीफा ने वर्ल्ड कप 2026 के लिए ग्रुप का ऐलान कर दिया है। आगामी टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में किया जाएगा।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए ड्रॉ का ऐलान एक विशेष समारोह में किया गया, जिसमें हॉलीवुड के कई सितारे भी मौजूद थे। इस अवसर पर टॉम ब्रैडी, शैक्विल ओ’नील, आरोन जज और वेन ग्रेट्जकी जैसे दिग्गज टीमों का खुलासा करने के लिए शामिल हुए। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होगी, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यू जर्सी स्थित मेट लाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।
अभी 6 टीमें क्वालीफाई करना बाकी
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अब तक कुल 42 टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है, जबकि 6 टीमों का क्वालीफाई अभी बाकी है। आगामी टूर्नामेंट में 2 टीमें इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ के जरिए जगह बनाएंगी। इस बार जॉर्डन, केप वर्डे, कुराकाओ और उज्बेकिस्तान की टीमें पहली बार फीफा वर्ल्ड कप में खेलती दिखाई देंगी।
ग्रुप-के: रोनाल्डो की टीम की स्थिति
स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल को ग्रुप-के में रखा गया है, जबकि लियोनल मेसी की टीम अर्जेंटीना को ग्रुप-जे में शामिल किया गया है। काइलियन एम्बाप्पे की फ्रांस और एर्लिंग हालैंड की नॉर्वे को ग्रुप-आई में रखा गया है। इस प्रकार अगले साल इन स्टार प्लेयर्स के रोमांचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। 48 टीमों में से कौन विजेता बनकर उभरेगी, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
फीफा विश्व कप 2026 के लिए सभी ग्रुप:
ग्रुप ए: मैक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
ग्रुप बी: कनाडा, कतर, स्विट्जरलैंड, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
ग्रुप सी: ब्राजील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड
ग्रुप डी: संयुक्त राज्य अमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
ग्रुप ई: जर्मनी, कुराओ, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर
ग्रुप एफ: नीदरलैंड, जापान, ट्यूनीशिया, एक टीम क्वालीफाई होकर आएगी
ग्रुप जी: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
ग्रुप एच: स्पेन, केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे
ग्रुप आई: फ्रांस, सेनेगल, फीफा प्लेऑफ-2, नॉर्वे
ग्रुप जे: अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन
ग्रुप के: पुर्तगाल, फीफा प्लेऑफ-1, उज्बेकिस्तान, कोलंबिया
ग्रुप एल: इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा

