नई दिल्ली: यशस्वी जायसवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में बेहतरीन संयम और आक्रामकता का प्रदर्शन किया। शुरुआत में उन्होंने धैर्य रखते हुए क्रीज पर टिकने पर ध्यान दिया और जैसे ही वह सेट हुए, अफ्रीकी गेंदबाजों पर टूट पड़े। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ दिया। इस यादगार प्रदर्शन के बाद अब जायसवाल घरेलू क्रिकेट में भी अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई की टीम का हिस्सा बनकर मैदान में उतरेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यशस्वी जायसवाल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलने के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है। क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी जायसवाल के चयन और उपलब्ध होने की जानकारी दी है। जायसवाल इससे पहले 2023–24 सीज़न के क्वार्टर फाइनल में आखिरी बार इस टूर्नामेंट में खेले थे। उन्होंने अब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 28 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 136.42 के स्ट्राइक रेट से 648 रन बनाए हैं और तीन अर्धशतक भी जड़े हैं।
मुंबई की टीम ने शार्दुल ठाकुर की कप्तानी में अब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम ने 6 में से पांच मुकाबले जीते हैं और 20 अंकों के साथ वह प्वाइंट्स टेबल में पहले पायदान पर मौजूद है। उसका नेट रन रेट प्लस 1.989 है। अब उनका एक लीग मैच बाकी है, जो उसे 8 दिसंबर को ओडिशा के खिलाफ खेलना है।
अब यशस्वी जायसवाल के मुंबई की टीम से जुड़ने से उनकी बल्लेबाजी लाइनअप को और मजबूती मिलेगी। जायसवाल इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में भी उनके बल्ले से उपयोगी रन निकले थे, लेकिन तीसरे मैच में उन्होंने अपने असली क्लास का प्रदर्शन किया और शानदार शतक जड़कर टीम इंडिया को जीत दिलाई। उनके इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला, जिससे उनका आत्मविश्वास और बढ़ गया है।

