सूर्या का बयान: हार में गिल और मेरी गलती, अक्षर को नंबर-3 भेजने पर दिया घुमावदार जवाब

0

नई दिल्ली: भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार (11 दिसंबर) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में मिली हार के बाद साफ कहा कि अभिषेक शर्मा हर मैच में टीम को नहीं जिता सकते। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शीर्ष क्रम में उन्हें और उप-कप्तान शुभमन गिल को अधिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी। अभिषेक ने 8 गेंदों में 17 रन की तेज शुरुआत दी, लेकिन गिल (0) और सूर्यकुमार (5) के जल्दी आउट होने के बाद वह भी पावरप्ले में पवेलियन लौट गए। 214 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 162 रन पर सिमट गई। अक्षर पटेल को नंबर-3 पर भेजने के फैसले पर सवाल पूछे जाने पर सूर्यकुमार ने सिर्फ गोलमोल जवाब देते हुए इसे टीम रणनीति का हिस्सा बताया।

मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया कि शीर्ष क्रम को बेहतर जिम्मेदारी निभानी चाहिए थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि शुभमन और मैं शुरुआत बेहतर कर सकते थे, क्योंकि हम हर बार अभिषेक पर निर्भर नहीं रह सकते। जिस फॉर्म में वह बैटिंग कर रहे हैं, उनका भी एक दिन खराब हो सकता है। मुझे, शुभमन और बाकी बल्लेबाज़ों को जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी। यह एक स्मार्ट चेज़ हो सकता था, लेकिन शुभमन पहली ही गेंद पर आउट हो गए। मुझे भी जिम्मेदारी लेते हुए टिककर खेलना चाहिए था। अब हम इससे सीख लेकर अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।”

नंबर-3 पर अक्षर को भेजने पर सूर्यकुमार का गोलमोल जवाब

अक्षर पटेल को पिंच-हिटर की भूमिका देते हुए नंबर 3 पर भेजा गया, लेकिन वह 21 गेंदों में सिर्फ 21 रन ही बना पाए। इस रणनीति को लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सफाई दी कि, “पिछले मैच में हमने देखा था कि अक्षर लंबी पारियों में काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, इसलिए हमने सोचा कि आज उन्हें जल्दी भेजकर फायदा मिल सकता है। दुर्भाग्य से यह योजना सफल नहीं हुई। फिर भी हम अगले मुकाबले से पहले इस विकल्प पर दोबारा चर्चा करेंगे।”

अर्शदीप और बुमराह पर बोले सूर्या

अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ओस में गेंदबाज़ी करते हुए संघर्ष करते नज़र आए और दोनों ने मिलकर 9 छक्के खा डाले। ऐसा लगा कि वे लगातार यॉर्कर डालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बुमराह की कई गेंदें फुलटॉस में बदल गईं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “हम बेहतर वापसी कर सकते थे, क्योंकि शुरुआत में गेंदबाजी करने के बाद हमें पता चला कि इस विकेट पर लेंथ कितनी अहम है। लेकिन यह भी एक सीखने की प्रक्रिया है। ओस ने भी असर डाला, और अगर यॉर्कर काम नहीं कर रही थीं तो हमारे पास दूसरा प्लान होना चाहिए था, जिस पर हम नहीं गए। कोई बात नहीं, जैसा कि मैंने कहा—यह सीख है और हमें इससे आगे बढ़ना होगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here