कटक: उन्नति हुड्डा सहित पाँच भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। उन्नति के साथ तस्नीम मीर, इशारानी बरुआ, किरण जॉर्ज और रौनक चौहान ने भी अपनी बेहतरीन लय कायम रखते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया। पुरुष एकल में दूसरे वरीय किरण जॉर्ज ने रित्विक संजीव को मात्र 33 मिनट में 21-11, 21-17 से हराकर अपना दबदबा बनाए रखा। अब उनका सामना रौनक चौहान से होगा, जिन्होंने सातवीं वरीयता प्राप्त शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम को 41 मिनट के रोमांचक मुकाबले में 21-19, 22-20 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
इंडोनेशिया के मोहम्मद यूसुफ ने पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में बड़ा उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीय थारुन मन्नेपल्ली को 49 मिनट में 21-9, 22-20 से मात दी। वहीं, महिला एकल क्वार्टर फाइनल में भी कई चौंकाने वाले नतीजे देखने को मिले, जहाँ सेमीफाइनल में चारों भारतीय खिलाड़ियों के पहुंचने से खिताब भारत के नाम तय हो गया है। तान्या हेमंत ने तीसरी वरीय और विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा को 39 मिनट में 21-18, 21-17 से हराकर सबको हैरान कर दिया। अब उनका सामना शानदार फॉर्म में चल रही इशारानी बरुआ से होगा, जिन्होंने छठी वरीय अनमोल खरब को 41 मिनट में 21-16, 21-14 से मात देकर अपनी लय बनाए रखी।
शीर्ष वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा ने अनुपमा उपाध्याय को 21-16, 21-15 से हराकर अंतिम में प्रवेश किया। तस्नीम मीर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे की सातवीं वरीयता प्राप्त तुंग सिउ-टोंग को आसानी से मात देकर महिला एकल में सेमीफाइनल में पक्की की। महिला युगल में अश्विनी भट और शिखा गौतम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छठी वरीयता प्राप्त कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी को 21-12, 21-14 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
पुरुष युगल में भारत को निराशा झेलनी पड़ी, जहाँ भार्गव राम अरिगेला एवं विश्व तेज गोब्बुरु की जोड़ी और पृथ्वी कृष्णमूर्ति एवं साई प्रतीक की जोड़ी अपने-अपने मुकाबले हारकर बाहर हो गईं। हालांकि मिश्रित युगल में भारत के लिए अच्छी खबर आई। सात्विक रेड्डी कन्नापुरम एवं रेशिका उथयासूर्यन ने शानदार तालमेल दिखाते हुए इंडोनेशिया के नवाफ खोइरियांस्याह एवं नाह्या मुहीफा को 38 मिनट में 21-15, 21-19 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

