एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल की 13 वर्षीय प्रतिभाशाली कराते खिलाड़ी दीक्षा सिंह गुरूँग ने इंदौर में आयोजित 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया है। दीक्षा ने कराते स्पर्धा के अंडर–50 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 15 से 19 दिसंबर तक चली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 29 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच दीक्षा ने अनुशासन, तकनीक और आत्मविश्वास के साथ सभी मुकाबलों में दबदबा बनाए रखा। प्रारंभिक दौर में गुजरात को 4–0, दूसरे राउंड में असम को 6–0 से हराया। सेमीफाइनल में बिहार पर 9–1 की बड़ी जीत दर्ज की, जबकि फाइनल मुकाबले में विद्या भारती की खिलाड़ी को 8–0 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दीक्षा वर्तमान में टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में पे एंड प्ले योजना के तहत नियमित अभ्यास कर रही हैं। इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक कोच रुद्र प्रताप सिंह का अहम योगदान रहा।

