एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-15 बॉयज इंटर डिविजनल एम.एम. जगदाले ट्रॉफी के तहत रीवा के एमपीसीए मैदान पर भोपाल और ग्वालियर डिविजन के बीच खेले जा रहे तीन दिवसीय मैच में भोपाल डिविजन ने पहले दिन ही मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भोपाल की टीम 50.1 ओवर में 167 रन पर ऑल आउट हो गई। धैर्य तिवारी ने शानदार 72 रन बनाए, जबकि रुद्र तेनगुरिया ने 44 रन का योगदान दिया। ग्वालियर की ओर से मंश सचदेवा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके।
जवाब में ग्वालियर डिविजन की बल्लेबाजी पूरी तरह चरमरा गई और पूरी टीम महज 29.5 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। भोपाल के देव कनौजिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट झटके, जबकि रुद्र तेनगुरिया को 2 विकेट मिले। इस तरह भोपाल ने पहली पारी में 107 रन की बढ़त हासिल की। दिन का खेल समाप्त होने तक भोपाल ने दूसरी पारी में 6 ओवर में 1 विकेट पर 4 रन बना लिए।
इधर, बीडीसीए और सेज ग्रुप द्वारा आयोजित स्वर्गीय श्री जी.एस. पठानिया सर अंडर-18 इंटर क्लब/अकादमी टूर्नामेंट में ओल्ड फ्रेंड्स मैदान पर अरेरा क्रिकेट अकादमी और उड़ान क्रिकेट अकादमी के बीच मुकाबले में अरेरा का दबदबा रहा। दूसरे दिन उड़ान अकादमी 28 ओवर में 61 रन पर सिमट गई। अरेरा के द्रोण श्रीवास्तव ने 5 विकेट लिए। अरेरा ने 372 रन की बढ़त लेते हुए पहली पारी के आधार पर मुकाबला जीत लिया।

