IND U19 vs PAK U19: फाइनल में फिर भारत को झटका: सरफराज ने दिलाई चैंपियंस ट्रॉफी 2017 की याद

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम को अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान की इस जीत में समीर मिन्हास ने 172 रनों की शानदार पारी खेलकर अहम भूमिका निभाई, जबकि गेंदबाजी में अली रजा ने 4 विकेट लेकर भारत की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। हालांकि इन शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के बीच एक ऐसा नाम भी रहा, जो पाकिस्तान की सफलता का असली हीरो साबित हुआ। यह नाम है अंडर-19 पाकिस्तान टीम के कोच सरफराज अहमद का, जिनकी रणनीति, अनुभव और मार्गदर्शन ने टीम को खिताबी जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तान की सीनियर टीम ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत को जो चोट पहुंचाई थी, वैसा ही दुख अब उन्होंने बतौर कोच पहुंचाया। सरफराज अहमद का भारत के खिलाफ किसी भी स्तर पर बतौर प्लेयर या कोच यह तीसरा फाइनल था और उन्होंने इसे भी जीत लिया। आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया 348 रन के लक्ष्य के सामने 156 रन पर ही सिमट गई।

सरफराज अहमद का दबदबा जारी, फाइनल में 3–0 का रिकॉर्ड

सरफराज अहमद ने भारत के खिलाफ बतौर खिलाड़ी और कोच तीन बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल मुकाबले जीतकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सबसे पहले साल 2006 में उन्होंने जूनियर खिलाड़ी के रूप में पाकिस्तान अंडर-19 टीम को भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में जीत दिलाई थी। उस मुकाबले में भारतीय टीम 110 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 71 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जबकि पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने कोलंबो में खेले गए उस फाइनल में विश्व कप अपने नाम किया था।

उसके बाद 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल शायद कोई भारतीय फैन नहीं भूल पाया होगा। विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया फाइनल में पाकिस्तान से हार गई थी। वहां भी भारत ने अंडर 19 एशिया कप 2025 की तरह लीग मैच में पाकिस्तान को मात दी थी, लेकिन फाइनल में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। अब भले ही पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने खिलाड़ियों के दम पर भारत को फाइनल में मात दी हो, लेकिन इस जीत में कोच सरफराज अहमद का योगदान बेहद खास रहा। जूनियर खिलाड़ी से लेकर कोच बनने तक के अपने सफर में सरफराज अहमद ने भारत के खिलाफ खेले गए हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबलों में हमेशा जीत दर्ज की है, जो उनके अनुभव, रणनीति और नेतृत्व क्षमता को साफ तौर पर दर्शाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here