नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2025 बेहद खास रहा। इस वर्ष भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और एशिया कप की ट्रॉफी जीतकर अपने शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाया। साथ ही, इस साल कई युवा सितारे उभरकर सामने आए, जो भविष्य में टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन सकते हैं। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्या और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी इस युवा लिस्ट का हिस्सा हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल से टीम को मजबूती देने का संकेत दिया।
अगर साल 2025 में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की बात करें, तो इस लिस्ट में वही युवा सितारे शामिल हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी इस लिस्ट में मौजूद हैं। अभिषेक शर्मा इस खास लिस्ट में नंबर 1 पर हैं और उनके और दूसरे नंबर पर मौजूद वैभव सूर्यवंशी के बीच काफी अंतर देखा जा सकता है। गौरतलब है कि अभिषेक शर्मा इस साल दुनियाभर में ओवरऑल सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बने हैं।
2025 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय (टी20)
अभिषेक शर्मा: 108 (40 पारी)
वैभव सूर्यवंशी: 60 (17 पारी)
सूर्यकुमार यादव: 54 (40 पारी)
प्रियांश आर्या: 41 (28 पारी)
तिलक वर्मा: 41 (31 पारी)
2025 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाज (टी20)
करनबीर सिंह: 122 छक्के, 32 पारी (ऑस्ट्रिया)
निकोलस पूरन: 113 छक्के, 58 पारी (LSG, MI NY, MIE, TKR)
अभिषेक शर्मा: 108 छक्के, 40 पारी (भारत, पंजाब, SRH)
साहिबजादा फरहान: 106 छक्के, 45 पारी (पाकिस्तान)
डेवाल्ड ब्रेविस: 98 छक्के, 39 पारी (साउथ अफ्रीका)
यह लिस्ट इस साल अब तक खेले गए टी20 मुकाबलों पर आधारित है। इसके बाद अब इस साल ये सभी खिलाड़ी कोई भी टी20 मैच नहीं खेलेंगे। 24 दिसंबर से विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत होने जा रही है, जो 50 ओवर का टूर्नामेंट है। इसलिए यह लिस्ट लगभग-लगभग साल के अंत तक फाइनल ही रहने वाली है। उल्लेखनीय है कि अभिषेक शर्मा लंबे समय से टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर एक के बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह बनाए हुए हैं।


