U19 एशिया कप फाइनल में हार: BCCI करेगी समीक्षा, क्या आयुष म्हात्रे से छिनेगी कप्तानी?

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम को अंडर 19 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 191 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम के कई फैसलों, जैसे कप्तान द्वारा टॉस जीतकर गेंदबाजी का चयन, की काफी आलोचना हुई। अब बीसीसीआई ने इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया के प्रदर्शन की समीक्षा करने की योजना बनाई है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार 22 दिसंबर की शाम हुई बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में शामिल सभी सदस्यों का मानना था कि टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन की समीक्षा जरूरी है। अब बोर्ड भारतीय अंडर 19 टीम के मैनेजमेंट से इस प्रदर्शन और फाइनल में मिली हार के बारे में जवाब मांगेगा। साथ ही, फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों और विरोधी टीम के बीच आए मतभेद तथा प्लेयर्स के व्यवहार पर भी चर्चा हो सकती है।

क्या आयुष म्हात्रे से छिनी जा सकती है कप्तानी?

भारतीय अंडर 19 टीम के मैनेजर सलिल दतार के अनुसार यह एक औपचारिक प्रक्रिया है। वहीं क्रिकबज को मिली जानकारी के अनुसार बोर्ड हेड कोच ऋषिकेश कानितकर के साथ तो चर्चा करेगा ही। साथ ही कप्तान आयुष म्हात्रे से भी बात की जा सकती है। गौरतलब है कि आयुष का प्रदर्शन पिछले कुछ दौरों जैसे ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड और फिर अंडर 19 एशिया कप में बल्ले से भी कुछ खास नहीं रहा है।

अगले महीने होने वाले अंडर 19 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए आयुष म्हात्रे की कप्तानी के भविष्य पर भी फैसला लिया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऐसा माना जा रहा है कि कप्तानी का दबाव उन्हें बल्ले से प्रदर्शन करने से रोक रहा है। जबकि सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था और लगातार शतक लगाए थे। उस टूर्नामेंट में 6 पारियों में उनके बल्ले से कुल 325 रन बने थे। लेकिन एशिया कप में उन्होंने पांच पारियों में केवल 65 रन ही बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here