नई दिल्ली : आईसीसी ने मंगलवार (23 दिसंबर 2025) को महिला क्रिकेट रैंकिंग जारी की। इस हफ्ते की रैंकिंग में नंबर 1 की स्थिति में दो बड़े बदलाव देखने को मिले। एक तरफ भारत को फायदा हुआ, तो दूसरी ओर कुछ नुकसान भी उठाना पड़ा। स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ते हुए लॉरा वोल्वार्ट महिला वनडे की नंबर 1 बल्लेबाज बन गई हैं। वहीं, टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दीप्ति शर्मा ने शीर्ष स्थान हासिल किया है।
स्मृति मंधाना को वनडे बैटर्स की रैंकिंग में नंबर 1 का स्थान गंवाना पड़ा है। वह अब दूसरे स्थान पर खिसक गईं। जबकि टी20 बल्लेबाजों में बेथ मूनी टॉप पर हैं। लॉरा वोल्वार्ट को आयरलैंड के खिलाफ अपने पिछले तीन में से दो वनडे मैचों में शतक लगाने के बाद नंबर का स्थान मिला है। जेमिमा रोड्रिग्स इस लिस्ट में 10वें स्थान पर हैं।
टी20 बैटर्स की रैंकिंग में जेमिमा रोड्रिग्स को पांच स्थान का फायदा हुआ है और वह टॉप 10 में तीसरी भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। वर्तमान रैंकिंग के अनुसार, स्मृति मंधाना नंबर 3 पर हैं जबकि जेमिमा अब नंबर 9 पर हैं। यह बदलाव श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल में जेमिमा की 69 रन की शानदार पारी का परिणाम है। वहीं, शेफाली वर्मा इस लिस्ट में एक पोजीशन पीछे होकर 10वें स्थान पर आ गई हैं। टीम रैंकिंग में भारत वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में नंबर 3 पर बना हुआ है।
टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दीप्ति शर्मा शीर्ष पर
दीप्ति शर्मा अब ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ते हुए टी20 इंटरनेशनल की नंबर 1 महिला गेंदबाज बन गई हैं। टॉप 10 में उनके अलावा कोई भी भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं है। वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में भी दीप्ति शर्मा नंबर 5 पर हैं और वह टॉप 10 की अकेली भारतीय बॉलर हैं। वनडे वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रही दीप्ति शर्मा, वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में नंबर 4 और टी20 ऑलराउंडर्स में नंबर 3 पर भी बनी हुई हैं।

