भोपाल, एनएसटी न्यूज। आईईएस कॉलेज ऑफ टेक्नॉलजी, भोपाल में आरजीपीवी स्टेट लेवल फुटबॉल टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन आईईएस कैंपस स्थित फुटबॉल ग्राउंड पर हुआ, जिसमें मध्य प्रदेश के सात नोडल भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सागर की टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट के दौरान लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले गए। पहले सेमीफाइनल में जबलपुर नोडल ने इंदौर नोडल को 2-0 से पराजित किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भोपाल नोडल और ग्वालियर नोडल के बीच मुकाबला निर्धारित समय तक 0-0 की बराबरी पर रहा। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में भोपाल नोडल ने 6-5 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला भोपाल नोडल और जबलपुर नोडल के बीच खेला गया। रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में भोपाल नोडल ने 5-4 से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।


