एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ द्वारा एमवाय सीनियर मेन्स इंटर डिविजनल (मल्टी डेज) टूर्नामेंट के लिए भोपाल डिविजन क्रिकेट टीम की चयन प्रक्रिया 27 और 28 दिसंबर 2025 को आयोजित की जा रही है। यह सिलेक्शन ट्रायल शनिवार और रविवार को सुबह 9 बजे से ओल्ड कैंपियन मैदान स्थित मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी में होंगे। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रायल्स में केवल भोपाल संभाग के वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जो इस वर्ष विधिवत रूप से रजिस्टर्ड हैं। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को अपने साथ बीडीसीए का वैध रजिस्ट्रेशन कार्ड और सफेद रंग की क्रिकेट किट लाना अनिवार्य होगा।
संघ के अनुसार, ट्रायल्स के माध्यम से उन खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जो आगामी इंटर डिविजनल मल्टी डे टूर्नामेंट में भोपाल डिविजन का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयन प्रक्रिया पारदर्शी और प्रदर्शन आधारित रहेगी। ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए चयन समिति के चेयरमैन प्रदीप देशमुख और संयोजक राजीव सक्सेना से संपर्क कर सकते हैं। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. सुशील सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों से समय पर उपस्थित होकर अनुशासन और खेल भावना के साथ ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।

