एनएसटी न्यूज, सागर। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-15 बॉयज इंटर डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट एमएम जगदाले ट्रॉफी (तीन दिवसीय मल्टी डे) का फाइनल मुकाबला सागर के चंदू सरवटे मैदान पर भोपाल डिविजन और इंदौर डिविजन के बीच खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन इंदौर डिविजन ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 151.2 ओवर में 360 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इंदौर की ओर से वीर पांडे ने शानदार 119 रनों की पारी खेली, जबकि आराध्य कोहली ने 47 रन का योगदान दिया। भोपाल डिविजन की गेंदबाजी में देव कनौजिया और रुद्र तेंनगुरिया ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। इसके जवाब में भोपाल डिविजन ने दूसरी पारी की शुरुआत करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक 35 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 79 रन बना लिए हैं। क्रीज पर दीर्घ श्रीवास्तव और ग्रंथ प्रजापति नाबाद खेल रहे हैं। फाइनल मुकाबले का तीसरा दिन कल खेला जाएगा।
जीएस पठानिया अंडर-18 फाइनल: प्रेसिडेंट इलेवन की मजबूत पकड़, 5 विकेट पर 243 रन
इधर, भोपाल में भोपाल डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन और सेज ग्रुप द्वारा आयोजित जी.एस. पठानिया “सर” अंडर-18 बॉयज इंटर क्लब/अकादमी (दो दिवसीय) टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बाबे अली मैदान पर प्रेसिडेंट इलेवन और अरेरा क्रिकेट अकादमी के बीच शुरू हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अरेरा क्रिकेट अकादमी की टीम 36.2 ओवर में 117 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। अरेरा की ओर से अर्जुन शुक्ला ने 30 रन बनाए। प्रेसिडेंट इलेवन के गेंदबाज अंजेश पाल ने 4 विकेट लिए, जबकि रबजीत सिंह और आलिफ हसन ने 3-3 विकेट चटकाए। जवाब में प्रेसिडेंट इलेवन ने दिन का खेल समाप्त होने तक 55 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन बना लिए हैं। टीम के लिए मलय श्रीवास्तव ने 41 रन बनाए, जबकि सिद्धांत परिहार 43 रन और रबजीत सिंह 61 रन बनाकर नाबाद हैं। अरेरा की ओर से गेंदबाजी में अर्जुन शुक्ला और द्रोण श्रीवास्तव ने 2-2 विकेट लिए। फाइनल का दूसरा और अंतिम दिन कल खेला जाएगा।

