176 की स्ट्राइक रेट से रिंकू सिंह की विस्फोटक सेंचुरी, अंतिम ओवरों में मचाया कोहराम

0

नई दिल्ली: विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन के दूसरे ग्रुप चरण मुकाबले में उत्तर प्रदेश की कमान संभाल रहे रिंकू सिंह ने चंडीगढ़ के खिलाफ कप्तानी पारी खेली। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू ने नाबाद शतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी इस आतिशी पारी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 367 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। रिंकू के अलावा आर्यन जुयाल ने भी शानदार शतक जमाकर टीम की रनगति को और मजबूती दी।

56 गेंदों में शतक जड़कर रिंकू सिंह ने मचाया तहलका

इस मुकाबले में रिंकू सिंह ने 60 गेंदों पर नाबाद 106 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के जड़े। रिंकू ने महज 56 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने शुरुआत में संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए पहली 40 गेंदों पर 60 रन बनाए, लेकिन इसके बाद गियर बदलते हुए अगली 20 गेंदों में 46 रन ठोक दिए और शतक पूरा किया। यह विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में रिंकू सिंह का पहला शतक रहा।

उत्तर प्रदेश के लिए चंडीगढ़ के खिलाफ टीम के ओपनर आर्यन जुयाल ने भी गजब की पारी खेली और 118 गेंदों पर 8 छक्के और 7 चौकों के साथ 134 रन की शानदार पारी खेली। टीम के विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने भी जोरदारा पारी खेलते हुए 57 गेंदों पर 11 चौकों के साथ 67 रन बनाए जबकि समीर रिजवी ने 32 रन की पारी खेली।

इस मुकाबले में रिंकू सिंह ने चौथे विकेट के लिए आर्यन जुयाल के साथ 83 गेंदों में 134 रन की बेहतरीन साझेदारी की। इसके बाद पांचवें विकेट के लिए उन्होंने प्रशांत वीर के साथ 35 गेंदों पर 63 रन जोड़कर टीम के स्कोर को 360 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। चंडीगढ़ की ओर से तरनप्रीत सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here