राहुल द्रविड़ से आगे निकले स्टीव स्मिथ, टेस्ट क्रिकेट में अब सिर्फ जो रूट ही हैं आगे

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाज पूरी तरह से नाकाम नजर आए। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 152 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम सिर्फ 110 रन पर ढेर हो गई। इस मुकाबले में स्टीव स्मिथ ने फील्डिंग में भी अहम योगदान दिया और दो शानदार कैच लपककर खास उपलब्धि अपने नाम की।

स्टीव स्मिथ ने छोड़ा राहुल द्रविड़ को पीछे, रचा नया कीर्तिमान

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में स्टीव स्मिथ ने जैक क्रॉली और बेन स्टोक्स के अहम कैच लपके। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए और उन्होंने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। स्मिथ के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में कुल 212 कैच दर्ज हो चुके हैं, जबकि राहुल द्रविड़ ने अपने करियर में 210 कैच लिए थे। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड फिलहाल जो रूट के नाम है, जिन्होंने 214 कैच अपने नाम किए हैं।

टेस्ट क्रिकेट में 10,000 से ज्यादा रन पूरे कर चुके हैं स्टीव स्मिथ

स्टीव स्मिथ की गिनती बेहतरीन फील्डर्स में होती है। इसके अलावा वह धाकड़ बल्लेबाजी में भी माहिर प्लेयर हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए साल 2010 में डेब्यू किया था और इसके बाद से ही वह टीम की अहम कड़ी बने हुए हैं। उन्होंने अभी तक 122 टेस्ट मैचों में कुल 10589 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 36 शतक और 44 अर्धशतक निकले हैं।

पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को 42 रनों की बढ़त

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में 152 रन बनाए। इस पारी में उस्मान ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक 29 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज खास प्रभाव नहीं डाल सके। इंग्लैंड की ओर से जोस टंग ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम केवल 110 रन पर ढेर हो गई। इससे ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 42 रनों की बढ़त मिल गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here