भोपाल: राजधानी में एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है। इंडियन कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन (आईकेसीए) 14वीं नेशनल ड्रैगन बोट चैंपियनशिप का आयोजन 6 से 9 जनवरी तक लोअर लेक में करने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में सीनियर और जूनियर वर्ग के पुरुष, महिला और मिक्स्ड वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी, जिनमें सैकड़ों खिलाड़ी अपनी ताकत, तालमेल और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में 10-सीटर और 20 सीटर ड्रैगन बोट में 200 मीटर, 500 मीटर और 2000 मीटर की रोमांचक रेस आयोजित की जाएंगी। जूनियर वर्ग में 10 सीटर श्रेणी में मुकाबले होंगे। टीमें 5 जनवरी को भोपाल पहुंचेंगी।


