डीजीपी एकादश बनी डिपार्टमेंटल वर्ग की चैंपियन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति ग्रीन पैराडाइज कप क्रिकेट प्रतियोगिता के डिपार्टमेंटल वर्ग का फाइनल मुकाबला डीजीपी एकादश और नगर निगम कमिश्नर एकादश के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में डीजीपी एकादश ने तीन विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल में नगर निगम कमिश्नर एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित ओवरों में 134 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अजय सिंह ने 40 रन, रवि नरवारे ने 25 रन, रणवीर वैद्य ने 21 रन और विजय पारोचे ने 12 रन का योगदान दिया। डीजीपी एकादश की ओर से अरुण सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि शुभम चौहान ने 3 और राहुल रावत ने 2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीजीपी एकादश ने 17.4 ओवर में 138 रन बनाकर मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया। टीम के लिए दिशांत खरे ने 30 रन, गौरव सिंह भदौरिया ने 24 रन, हिमांशु तिवारी ने 18 रन और नरेन्द्र रायकवार ने 17 रन बनाए। नगर निगम कमिश्नर एकादश की ओर से फहद खान ने 4 विकेट, मुदस्सर आलम ने 2 और रणवीर वैद्य ने 1 विकेट लिया। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए अरुण सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता के प्रमुख पुरस्कार

* मैन ऑफ द मैच (फाइनल): अरुण सिंह (डीजीपी एकादश)

* श्रेष्ठ बल्लेबाज़: विजय पारोचे (नगर निगम कमिश्नर एकादश)

* श्रेष्ठ गेंदबाज़: शुभम चौहान (डीजीपी एकादश)

* प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: हिमांशु तिवारी (डीजीपी एकादश)

* श्रेष्ठ अनुशासित टीम: माखन लाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय, भोपाल

* उपविजेता: नगर निगम कमिश्नर एकादश

* विजेता: डीजीपी एकादश

मैच के समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के सचिव शांति कुमार जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सह सचिव संदीप डोंगर सिंह ने की। विशेष अतिथि के रूप में गुरेंद्र अग्निहोत्री, डी.के. जैन, राजेंद्र राव, अतुल खरे, अभिषेक, मोहम्मद शाहिद, अंकित शर्मा, स्वदेश सिंह कुशवाह, राकेश सिंह बिष्ट “बब्लू”, विनय शुक्ला, नंद जीत सिंह, के.डी. गुप्ता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here