28.1 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

स्मृति मांधना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 10 हज़ार रन, सबसे तेज़ करने वाली चौथी बल्लेबाज़

तिरुवनंतपुरम। भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मांधना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे कर इतिहास रच दिया है। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की चौथी और भारत की दूसरी बल्लेबाज़ बन गई हैं। उनसे पहले भारत की ओर से यह कारनामा केवल मिताली राज ने किया था। मांधना ने यह ऐतिहासिक मुकाम श्रीलंका के खिलाफ चौथे महिला T20I मैच में हासिल किया। वह मैच से पहले इस आंकड़े से महज 27 रन दूर थीं और बाएं हाथ की स्पिनर निमाशा मीपाजे की गेंद पर लॉन्ग ऑन की दिशा में एक रन लेकर 10,000 रन पूरे किए।

खास बात यह रही कि स्मृति मांधना ने यह उपलब्धि सबसे तेज़ समय में हासिल की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट मिलाकर 281वीं पारी में 10,000 रन पूरे किए। इससे पहले मिताली राज ने 291, शार्लेट एडवर्ड्स ने 308 और सूज़ी बेट्स ने 314 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। कुल रनों के मामले में मिताली राज 10,868 रन के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि सूज़ी बेट्स (10,652) और शार्लेट एडवर्ड्स (10,273) उनसे पीछे हैं।

स्मृति मांधना के लिए साल 2025 ऐतिहासिक रहा है। महिला विश्व कप के विजयी अभियान के दौरान वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन बनाने वाली पहली महिला बल्लेबाज़ बनीं। उन्होंने साल का अंत वनडे में सबसे ज्यादा 1362 रन के साथ किया। इस साल उन्होंने कुल पांच अंतरराष्ट्रीय शतक भी लगाए। 2025 में मांधना के नाम अब 1660 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हो चुके हैं, जो किसी भी महिला बल्लेबाज़ द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक हैं। इस दौरान उन्होंने अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।

T20I क्रिकेट में भी मांधना ने नया कीर्तिमान बनाया है। भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में उन्होंने हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी कर उन्होंने भारतीय महिला T20I इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले इसी सीरीज में स्मृति मांधना महिला T20I क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली दूसरी बल्लेबाज़ भी बन चुकी हैं। फिलहाल इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन सूज़ी बेट्स के नाम दर्ज हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles