एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित परमानंद भाई पटेल (चार दिवसीय) मल्टी डे अंडर-22 बॉयज इंटर डिवीजनल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला इंदौर के आर.बी.सी.एफ. मैदान पर भोपाल डिवीजन और इंदौर डिवीजन के बीच खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन खेल ने रोमांचक मोड़ ले लिया है। भोपाल डिवीजन ने अपनी दूसरी पारी में सोमवार को कल के स्कोर 4 विकेट पर 118 रन से आगे खेलते हुए 102.5 ओवरों में 369 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भोपाल की ओर से प्रारब्ध मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 132 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि ओजस्व यादव ने 67 रन का अहम योगदान दिया। इंदौर डिवीजन की गेंदबाजी में सारांश सुराना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके। वहीं अन्वेष चावला ने 4 विकेट लेकर भोपाल की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह भोपाल डिवीजन ने इंदौर डिवीजन को जीत के लिए 196 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर डिवीजन की टीम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 12 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 53 रन बना लिए हैं। क्रीज पर प्रणीत पाटीदार और आयाम वर्मा नाबाद मौजूद हैं। अब फाइनल मुकाबले का चौथा और अंतिम दिन निर्णायक साबित होगा, जहां दोनों टीमों के बीच खिताब को लेकर कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।

