नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना का कद महिला क्रिकेट में लगातार बढ़ता जा रहा है। उनका यह प्रभाव ऐसा है कि जब भी वह पिच पर उतरती हैं या कोई खास पारी खेलती हैं, तो अक्सर कोई न कोई रिकॉर्ड बनता या टूटता है। साल 2025 में उन्होंने सभी फॉर्मेट मिलाकर कुल 1703 रन बनाए हैं, और इसी प्रदर्शन के दम पर वह महिलाओं में इस साल की नंबर-1 बल्लेबाज बन चुकी हैं।
अगर पुरुष क्रिकेटर्स की बात करें तो भारतीय टेस्ट व वनडे के कप्तान शुभमन गिल के नाम 1764 रन दर्ज हैं। शुभमन मेंस क्रिकेट में इस साल के नंबर 1 बल्लेबाज हैं। भारतीय मेंस टीम का कोई मैच इस साल अब नहीं होगा, तो महिला टीम पांच मैचों की सीरीज का आखिरी टी20 मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ मंगलवार को खेलेगी। इस मैच में स्मृति मंधाना बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती हैं।
क्या स्मृति मंधाना सभी पुरुष क्रिकेटर्स को पीछे छोड़ देंगी?
साल 2025 में अभी तक पुरुष क्रिकेटर्स में शुभमन गिल 1764 रन के साथ शीर्ष स्थान पर हैं। अगर स्मृति मंधाना श्रीलंका के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में 62 या उससे अधिक रन बनाती हैं, तो वह इस साल महिला और पुरुष दोनों फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली क्रिकेटर बन जाएंगी। सभी महिला क्रिकेटर्स तो इस साल वैसे भी स्मृति से पीछे हैं, अगर वह 1764 का आंकड़ा पार करती हैं तो सभी पुरुष क्रिकेटर्स को भी पीछे छोड़ देंगी। स्मृति ने हाल ही में अपने पांच हजार टी20 इंटरनेशनल रन और 10 हजार इंटरनेशनल रन पूरे किए थे।
साल 2025 में सबसे ज्यादा रन (मेंस क्रिकेट)
- शुभमन गिल (भारत): 1764 रन (42 पारी)
- शाय होप (वेस्टइंडीज): 1760 रन (50 पारी)
- जो रूट (इंग्लैंड): 1613 रन (33 पारी)
- ब्रायन बेनेट (जिम्बाब्वे): 1585 रन (46 पारी)
- सलमान अली आघा (पाकिस्तान): 1569 रन (58 पारी)
स्मृति मंधाना: 2025 का यादगार साल
स्मृति मंधाना के लिए क्रिकेट फील्ड पर साल 2025 बेहद शानदार रहा है। उन्होंने टीम इंडिया को पहला महिला विश्व कप खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। इस साल उनके नाम 23 वनडे मैचों में लगभग 61.9 की औसत से 1362 रन दर्ज हैं, जिसमें पांच शतक शामिल हैं। इसके अलावा, टी20 इंटरनेशनल में 9 पारियों में एक शतक के साथ उन्होंने 341 रन बनाए हैं, जो उनके शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
इस साल स्मृति मंधाना के नाम कुल 1703 रन दर्ज हुए हैं। इतना ही नहीं, वह महिला क्रिकेट इतिहास की पहली खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने एक कैलेंडर ईयर में 1700 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2024 में 35 पारियों में 1659 रन बनाए थे। इस तरह, स्मृति ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। अब अगर वह अगले मैच में 62 रन बना लेती हैं, तो सभी पुरुष क्रिकेटर्स को पीछे छोड़ते हुए एक और बड़ा कारनामा कर देंगी।

