IND W vs SL: साल का शानदार समापन: भारत ने श्रीलंका को 5-0 से किया क्लीन स्वीप

0

तिरुवनंतपुरम: भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पांचवां टी20 मुकाबला 15 रन से जीत लिया। इसके साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 5-0 से अपने नाम करते हुए श्रीलंका को क्लीन स्वीप कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 160 रन ही बना सकी। श्रीलंका की ओर से हसिनी परेरा और इमिशा दुलानी ने अर्धशतक जरूर जमाए, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहीं। यह पहली बार है जब भारतीय महिला टीम ने घरेलू मैदान पर किसी टी20 सीरीज में 5-0 से जीत दर्ज की है।

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान चामरी अट्टापट्टू सस्ते में आउट हुईं। अरुंधति रेड्डी ने कप्तान चामरी अट्टापट्टू को आउट कर श्रीलंका को पहला झटका दिया। अट्टापट्टू पांच गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, इसके बाद हसिनी और इमिशा ने पारी को संभाला और पावरप्ले तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। पहला झटका लगने के बाद हसिनी परेरा और इमिशा ने श्रीलंकाई पारी को संभाले रखा। हसिनी और इमिशा के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की। वहीं, इमिशा ने भी 38 गेंदों पर पचासा पूरा किया। इसके बाद अमनजोत ने इस साझेदारी को तोड़ा। अमनजोत कौर ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर इमिशा दुलानी को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इमिशा 39 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुईं। इमिशा और हसिनी के बीच दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हुई।

इमिशा के आउट होने के बाद हसिनी परेरा ने भी अर्धशतक जड़ा, लेकिन भारत ने लगातार विकेट चटकाते हुए श्रीलंका पर दबाव बनाए रखा। श्रीलंका की ओर से हसिनी ने 42 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेली। हालांकि हसिनी और इमिशा दुलानी के अलावा श्रीलंकाई टीम का कोई भी अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, जिसके चलते टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, श्री चरणी और अमनजोत कौर ने एक-एक विकेट हासिल किया।

निमाशा ने भारत को शुरुआती झटका दिया। अपना पहला ओवर डालने आईं निमाशा ने शेफाली वर्मा को अपना शिकार बनाया जो इस सीरीज में शानदार फॉर्म में चल रही थीं। भारत के लिए शेफाली वर्मा के साथ डेब्यू कर रहीं जी कमालिनी ने पारी का आगाज किया। शेफाली हालांकि छह गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पावरप्ले के अंदर ही कविशा ने कमालिनी को पवेलियन की राह दिखाई जो 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुईं।

भारत ने पावरप्ले समाप्त होने तक दो विकेट पर 40 रन बनाए थे, जो श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में पावरप्ले के दौरान उसका सबसे कम स्कोर रहा। इससे पहले भारत ने शुरुआती चार मैचों में पावरप्ले में क्रमशः 55/1, 68/1, 55/1 और 61/0 रन बनाए थे। पावरप्ले के बाद भारत को तीसरा झटका लगा, जब रश्मिका ने हरलीन देओल को बोल्ड कर दिया। हरलीन ने 11 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाए। इसके बाद चामरी अट्टापट्टू ने ऋचा घोष को आउट किया, जो छह गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर पवेलियन लौटीं। चामरी ने इसके बाद दीप्ति शर्मा को भी आउट कर भारत को पांचवां झटका दिया। दीप्ति आठ गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुईं।

भारतीय पारी लड़खड़ाने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम को संभाला। हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर अर्धशतक लगाया जो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 15वां पचासा है। हरमनप्रीत का साथ इस दौरान अमनजोत कौर ने निभाया। रश्मिका ने हालांकि, अमनजोत को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अमनजोत 18 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुईं। अमनजोत और हरमनप्रीत के बीच 37 गेंदों पर 61 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद कविशा ने हरमनप्रीत को आउट किया जो 43 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद अरुंधति रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी कर भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाया। अरुंधति 11 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 27 रन और स्नेह राणा छह गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर नाबाद लौटीं। श्रीलंका के लिए काविशा, रश्मिका और चामरी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि निमाशा को एक विकेट मिला।

श्रीलंका ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की ओर से जी कमालिनी ने इस मैच के जरिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। भारतीय टीम ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए, जिसमें स्मृति मंधाना और रेणुका सिंह को आराम दिया गया। कमालिनी के अलावा स्नेह राणा को भी अंतिम एकादश में मौका मिला। वहीं, श्रीलंका की टीम ने भी अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:

भारत: शेफाली वर्मा, जी कमालिनी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, श्री चरणी।

श्रीलंका: हसिनी परेरा, चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), इमिशा दुलानी, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, निलाक्षिका सिल्वा, रश्मिका सेवांदी, कौशानी नुथयांगना (विकेटकीपर), निमाशा मादुशानी, इनोका रानावीरा, माल्की मदारा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here