T20 विश्व कप 2026 में अफ़ग़ानिस्तान की कप्तानी करेंगे राशिद ख़ान, मुजीब और फ़ारूक़ी की टीम में वापसी

0

नई दिल्ली। अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026 पुरुष T20 विश्व कप के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस बड़े टूर्नामेंट में स्टार स्पिनर राशिद ख़ान एक बार फिर अफ़ग़ानिस्तान की कप्तानी करते नज़र आएंगे। T20 विश्व कप का आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जाएगा। विश्व कप से पहले अफ़ग़ान टीम UAE में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ तीन मैचों की T20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ भी खेलेगी। टीम चयन में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन रखा गया है। बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ फ़ज़लहक़ फ़ारूक़ी और ऑफ़ स्पिनर मुजीब उर रहमान की टीम में वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ी अक्तूबर में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ सफ़ेद गेंद के दौरे का हिस्सा नहीं थे, लेकिन विश्व कप की तैयारी को देखते हुए उन्हें फिर से मौका दिया गया है।

ऑलराउंडर गुलबदीन नईब और तेज़ गेंदबाज़ नवीन उल हक़ भी टीम में शामिल किए गए हैं। नवीन लंबे समय बाद कंधे की चोट से उबरकर लौटे हैं।  मुजीब की वापसी के चलते मिस्ट्री स्पिनर एएम ग़ज़नफ़र को रिज़र्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है। उनके साथ इजाज़ अहमदज़ई और ज़िया उर रहमान शरीफ़ी भी रिज़र्व में शामिल हैं। चयनकर्ताओं का मानना है कि यह संयोजन एशियाई परिस्थितियों में टीम को मजबूती देगा। गौरतलब है कि अफ़ग़ानिस्तान ने 2024 T20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफ़ाइनल तक का सफ़र तय किया था, जो किसी भी ICC टूर्नामेंट में टीम का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। उस दौरान अफ़ग़ान टीम ने न्यूज़ीलैंड, वेस्टइंडीज़, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपनी क्षमता साबित की थी।

अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के CEO नसीब ख़ान ने कहा कि पिछला T20 विश्व कप टीम के लिए बेहद खास रहा और इस बार एशियाई परिस्थितियों में प्रदर्शन और बेहतर रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ होने वाली T20 सीरीज़ विश्व कप से पहले टीम संयोजन और रणनीति को परखने का अहम अवसर होगी। T20 विश्व कप 2026 में अफ़ग़ानिस्तान को ग्रुप डी में रखा गया है, जहां उसका सामना न्यूज़ीलैंड, साउथ अफ्रीका, UAE और कनाडा से होगा। अफ़ग़ान टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 फ़रवरी को चेन्नई में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here