नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीमें लगातार अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान कर रही हैं। 20 टीमों वाले इस टूर्नामेंट में अब ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी टीम घोषित कर दी है। वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की कमान मिचेल मार्श संभालेंगे, जबकि दो अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जोश हेजलवुड की टीम में वापसी हुई है।
इसके अलावा कूपर कोनोली और मैथ्यू कुहनेमैन के रूप में दो नए खिलाड़ियों को भी इस टीम में चुना गया है। अनुभवी खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल भी ऑस्ट्रेलिया के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा हैं। ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप के लिए चुनी गई यह टीम काफी बैलेंस और विरोधी टीमों के लिए खतरनाक नजर आ रही है। टिम डेविड और कैमरन ग्रीन के रूप में टीम के पास दो हार्ड हिटर्स हैं।
ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम में ओपनर ट्रेविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श की अगुवाई में शुरू से लेकर आखिरी तक सितारों की भरमार है। इस स्क्वाड में अनुभव, टैलेंट और ऑलराउंड खेल का शानदार संतुलन मौजूद है। टीम में कैमरन ग्रीन और मार्कस स्टाइनिस जैसे पेस ऑलराउंडर शामिल हैं, जबकि ग्लेन मैक्सवेल टीम के धाकड़ स्पिन ऑलराउंडर के रूप में खेलेंगे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का आसान ग्रुप
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप बी में रखा गया है, जहाँ उसका मुकाबला ओमान, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका से होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम अपना पहला मैच 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी, यानी टूर्नामेंट शुरू होने के चार दिन बाद कंगारू टीम का अभियान शुरू होगा। गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया ने 2021 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, ग्लेन मैक्सवेल, जोश इंगलिस, टिम डेविड, कैमरन ग्रीन, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, जेवियल बार्टलेट, मैथ्यू कुहनेमैन, कूपर कोनोली, नाथन एलिस, मार्कस स्टाइनिस, एडम जाम्पा, मैथ्यू शॉर्ट।

