नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड अभी घोषित नहीं हुआ है। टीम चयन और खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर लगातार अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर को लेकर पहले कहा जा रहा था कि वह पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण टीम से बाहर रहेंगे। लेकिन ताजा अपडेट के अनुसार, अय्यर की स्क्वाड में वापसी संभावित है।
श्रेयस अय्यर की वापसी कब तय हो सकती है?
टाइम्स ऑफ इंडिया की जानकारी और श्रेयस अय्यर से जुड़े ताजा अपडेट के अनुसार, शुक्रवार को अय्यर का बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) द्वारा मैच परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद 5 जनवरी को उनका पुनः मैच परीक्षण होगा। इन दोनों परीक्षणों के बाद उन्हें मेडिकल टीम द्वारा ‘रिटर्न टू प्ले’ सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा, जिससे उनकी टीम में वापसी सुनिश्चित होगी।
भारत-न्यूजीलैंड सीरीज की शुरुआत से पहले वह 8 जनवरी को जयपुर में मुंबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी का मुकाबला भी खेल सकते हैं। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी को वडोदरा में पहला मुकाबला खेलेगी। इसके लिए भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को 7 जनवरी तक वडोदरा में एकजुट होना है। अय्यर 9 जनवरी तक स्क्वाड के साथ जुड़ सकते हैं अगर उन्हें हरी झंडी 5 जनवरी को मिली।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर ने 25 दिसंबर को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट किया था। यहां आने के बाद से उनकी स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग में काफी सुधार हुआ है। अय्यर ने बैटिंग और फील्डिंग में चार सेशन किए हैं और हर सेशन में बेहतर प्रदर्शन किया है। हालिया कंडीशन को देखते हुए 2 जनवरी को उनका पहला मैच परीक्षण हुआ, जबकि अगला परीक्षण 5 जनवरी को होगा। इसके सफल होने के बाद ही उन्हें व्हाइट-बॉल फॉर्मेट के लिए हरी झंडी मिलेगी।
टीम इंडिया में अय्यर की वापसी, इन 2 खिलाड़ियों के लिए संकट
अगर श्रेयस अय्यर टीम में वापसी करते हैं, तो साउथ अफ्रीका सीरीज में नंबर 4 पर खेल रहे ऋतुराज गायकवाड़ की जगह खतरे में पड़ सकती है। हालांकि, ऋतुराज ने पिछली सीरीज में शतक बनाया था और हालिया विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने शतक जमाया है। वहीं, अगर ऋतुराज नंबर 4 के दूसरे विकल्प के तौर पर रहते हैं, तो तिलक वर्मा को वनडे स्क्वाड से बाहर होना पड़ सकता है।


