एनएसटी न्यूज, भोपाल। महर्षि मैत्री क्रिकेट-6 प्रतियोगिता का भव्य और गरिमामय शुभारंभ सोमवार को पारंपरिक भारतीय वातावरण में भोपाल में हुआ। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, भोपाल के डायरेक्टर प्रो. हंसधर झा और डिप्टी डायरेक्टर प्रो. गोविन्द पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने संस्कृत भाषा और भारतीय परंपरा से जुड़े इस अनूठे आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन दिवस पर पहला मुकाबला पाणिनि गुरुकुल और मां शशी गुरुकुल के बीच खेला गया, जिसमें पाणिनि गुरुकुल ने जीत दर्ज की। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए दीपेश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मुकाबला गांधी नगर और हिंगलाज टीम के बीच हुआ, जिसमें गांधी नगर की टीम विजयी रही। इस मुकाबले में मयंक को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस प्रतियोगिता में कुल 27 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें पाणिनि गुरुकुल, मां शशी गुरुकुल, गांधी नगर, हिंगलाज के साथ लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय दिल्ली, रामटेक (नागपुर), उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, बाड़ी, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, गुना और भोपाल की विभिन्न टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सभी मैचों की उद्घोषणा पूरी तरह संस्कृत भाषा में की जा रही है और खिलाड़ी पारंपरिक धोती-कुर्ता पहनकर मैदान में उतर रहे हैं। इससे खेल और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में प्रतिदिन पांच मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 9 जनवरी को आयोजित होगा। विजेता टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार और सील्ड पुराण प्रदान किए जाएंगे। वहीं मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को संस्कृत से संबंधित पुस्तकें और ग्रंथ भेंट किए जाएंगे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य संस्कृत भाषा, वैदिक परंपरा और शास्त्रों के प्रचार-प्रसार के साथ युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। आयोजन के संयोजक परशुराम कल्याण बोर्ड मध्यप्रदेश के अध्यक्ष पंडित विष्णु राजौरिया हैं। आयोजन वैदिक ब्राह्मण युवा कल्याण समिति, भोपाल द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष पंडित अभिषेक दुबे, सचिव अंकुर पाण्डेय और कोषाध्यक्ष अवनीश त्रिवेदी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ गया। मंत्री सारंग ने स्वयं मैदान में उतरकर बल्लेबाजी करते हुए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। पूरे आयोजन में परशुराम कल्याण बोर्ड की अहम भूमिका रही। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी और हिंदू उत्सव समिति के उपाध्यक्ष बच्चन आचार्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


