नई दिल्ली : बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बुधवार, 7 जनवरी 2026 को बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के दौरान बांग्लादेश टीम की सुरक्षा को लेकर उठाई गई चिंताओं पर उसके साथ “करीबी समन्वय” में काम करने को तैयार है। हालांकि, मैचों के वेन्यू बदलने की मांग को फिलहाल स्वीकार नहीं किया गया है। टी20 विश्व कप की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है, जिसमें बांग्लादेश को अपने सभी चार मुकाबले कोलकाता और मुंबई में खेलने हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार BCB की ओर से जारी बयान में कहा गया, “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को ICC की तरफ से उस पत्र का जवाब प्राप्त हुआ है, जिसमें भारत में टी20 विश्व कप के दौरान बांग्लादेश राष्ट्रीय टीम की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई थी और मैचों के वेन्यू बदलने का अनुरोध किया गया था।”
ICC मिलकर काम करने को तैयार: BCB
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बयान के अनुसार, “ICC ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश टीम की पूरी और निर्बाध भागीदारी सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि वह उठाई गई चिंताओं पर BCB के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है। सुरक्षा योजना तैयार करते समय BCB के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।”
भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में उस समय तनाव देखने को मिला, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिज़ुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले के पीछे BCCI ने कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया। फिर भी, इसे बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए कथित हमलों के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े कूटनीतिक तनाव से जोड़कर देखा गया।
BCB ने भारत से अपने मैच हटाने की मांग की थी
BCCI के इस फैसले से नाराज़ BCB ने ICC को लिखित रूप में अनुरोध किया था कि बांग्लादेश के चारों विश्व कप मुकाबले भारत से हटाकर सह-मेजबान श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि, इस मांग पर ICC की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। मंगलवार, 6 जनवरी 2026 को ICC और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच प्रस्तावित बैठक भी नहीं हो सकी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार BCB ने कहा है कि वह ICC और टूर्नामेंट से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ “रचनात्मक, सहयोगपूर्ण और पेशेवर संवाद” बनाए रखेगा। बोर्ड ने यह भी विश्वास जताया कि इस मुद्दे का “व्यावहारिक और सौहार्दपूर्ण समाधान” निकलेगा, जिससे टी20 विश्व कप में बांग्लादेश टीम की भागीदारी “सुचारु और सफल” बनी रहेगी। बांग्लादेश की टीम ग्रुप C में है और वह अपना पहला मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद उसे इंग्लैंड, इटली और नेपाल से मुकाबला करना है।
ICC से कोई अल्टीमेटम नहीं: BCB
BCB ने उन मीडिया रिपोर्ट्स का भी खंडन किया है, जिनमें यह दावा किया गया था कि ICC ने बांग्लादेश को तय कार्यक्रम के अनुसार खेलने या फिर मैच गंवाने का अल्टीमेटम दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड ने अपने बयान में कहा, “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मीडिया के एक वर्ग में प्रकाशित उन खबरों पर संज्ञान लिया है, जिनमें यह कहा गया है कि इस मुद्दे पर ICC की ओर से कोई अल्टीमेटम दिया गया है। BCB साफ तौर पर स्पष्ट करता है कि ऐसे सभी दावे पूरी तरह गलत और निराधार हैं तथा ICC से हुए संवाद की वास्तविक प्रकृति को नहीं दर्शाते।”
PSL की टीम ने मुस्तफिज़ुर रहमान से किया करार
गौरतलब है कि मुस्ताफिज़ुर रहमान को पिछले साल अबूधाबी में हुई आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद, मंगलवार 6 जनवरी 2026 को उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की एक टीम ने अनुबंधित कर लिया। खास बात यह है कि यह करार उस समय हुआ, जब PSL का आधिकारिक प्लेयर्स ड्राफ्ट अभी घोषित भी नहीं किया गया है।


