नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के लिए बड़ा झटका लगा है। एशिया कप फाइनल के हीरो और मिडिल-ऑर्डर के बल्लेबाज तिलक वर्मा पेट की चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो सकते हैं। भारत 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होने वाली इस सीरीज के लिए उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने की कोशिश करेगा, लेकिन यह संभावना कम है कि टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल पर इस बार विचार किया जाए।
तिलक उस समय राजकोट में विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे थे, जब बुधवार सुबह नाश्ते के बाद उन्हें पेट में दर्द महसूस हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के डॉक्टरों से परामर्श लिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक अधिकारी ने पुष्टि की, “तिलक को बुधवार को पेट में काफी तेज दर्द हुआ। उन्हें तुरंत राजकोट के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां कई तरह के स्कैन किए गए और उनकी रिपोर्ट COE के डॉक्टरों को भेज दी गई।”
सर्जरी कराने की सलाह मिली
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “डॉक्टरों ने उन्हें सर्जरी कराने की सलाह दी है, जिससे पूरी तरह ठीक होने में तीन से चार हफ्ते लग सकते हैं। इस कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी टी20 सीरीज खेलना उनके लिए मुश्किल लग रहा है।” वहीं, भारत को 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर अधिक चिंता है, क्योंकि टीम का पहला मुकाबला उसी दिन अमेरिका के खिलाफ खेला जाएगा।
शुभमन गिल की टीम में वापसी नहीं होगी
बोर्ड यह तय करेगा कि तिलक वर्मा की जगह किस खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाए, यह देखना दिलचस्प होगा। शुभमन गिल को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए नजरअंदाज किया गया है, और उनकी वापसी की संभावना कम मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चयन समिति और टीम मैनेजमेंट इस समय उनकी वापसी के पक्ष में नहीं हैं। तर्क यह है कि टेस्ट और वनडे में भारत के कप्तान को बेंच पर बैठाना या ड्रिंक्स पिलाने का काम देना असामान्य होगा। इसके अलावा, यदि तिलक जल्दी ठीक हो जाते हैं और सीरीज के बाद टीम में लौटते हैं, तो उन्हें बाहर करना भी अजीब होगा। असम के रियान पराग एक संभावित विकल्प हो सकते हैं, यदि वह कंधे की चोट से पूरी तरह ठीक हो जाते हैं।
श्रेयस यादव मैच के लिए फिट घोषित
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के वनडे उप-कप्तान और मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) की मेडिकल टीम ने मैच खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया है। श्रेयस ने जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी के एक लीग मैच में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुंबई की तरफ से खेलते हुए 53 गेंदों में 82 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान लगी प्लीहा की चोट से उबरने के बाद उन्होंने बिना किसी समस्या के बल्लेबाजी की। इसके बाद उनका ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किया गया था।

