NST News, भोपाल: इंदौर में 3 जनवरी से आयोजित 68वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भोपाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में भोपाल ने चार स्वर्ण और पांच रजत पदक जीतकर प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
भोपाल की मेंस टीम ने फाइनल मुकाबले में इंदौर को 3-1 से हराकर टीम चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मेंस सिंगल्स में भोपाल के सौम्यदीप ने अपने ही शहर के खिलाड़ी शिवम सोलंकी को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से पराजित कर गोल्ड मेडल जीता। वूमेंस सिंगल्स में मौमिता ने भोपाल की पारमी को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं अंडर-17 गर्ल्स वर्ग में पारमी ने इंदौर की अद्विका को 3-2 से हराकर गोल्ड हासिल किया।
रजत पदकों की बात करें तो अंडर-13 गर्ल्स टीम, अंडर-11 वर्ग में खुशी बघेल, वूमेंस सिंगल्स में पारमी, अंडर-15 वर्ग में हर्षित बघेल और मेंस सिंगल्स में शिवम सोलंकी ने सिल्वर मेडल जीतकर भोपाल का मान बढ़ाया। भोपाल के इस शानदार प्रदर्शन पर जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, सचिव साबिर अली, विवेकानंद नवेद सहित अन्य खेल संगठनों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।

