नवी मुंबई: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के तीसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से पराजित किया। शनिवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 195 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 74 रन की शानदार पारी खेली, जबकि नैट सिवर-ब्रंट ने 70 रन का अहम योगदान दिया। दिल्ली की ओर से डेब्यू कर रही नंदनी शर्मा ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 145 रन ही बना सकी। दिल्ली की तरफ से शिनेल हेनरी ने सबसे ज्यादा 33 गेंदों पर 56 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। मुंबई की गेंदबाजी में निकोला कैरी और अमीलिया केर ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं सिवर-ब्रंट को दो विकेट मिले। शबनिम इस्माइल और संस्कृति गुप्ता ने एक-एक विकेट झटका। यह मुंबई की टूर्नामेंट में पहली जीत रही, जबकि दिल्ली ने अपना पहला मुकाबला गंवा दिया।


