टी20 विश्वकप से पहले अनिश्चितता बरकरार, भारत में खेलने से इनकार पर अड़ा BCB; ICC के जवाब का इंतजार

0

नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल ने स्पष्ट किया है कि आगामी टी20 विश्व कप को लेकर भारत में खेलने पर जताई गई चिंताओं के संबंध में अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने दोहराया कि इस मामले में बीसीबी का रुख पहले जैसा ही है और बोर्ड अपने रुख पर कायम है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टी20 विश्व कप की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है, लेकिन बांग्लादेश ने भारत का दौरा करने को लेकर असहजता जताई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया है। बीसीबी की चिंताएं उस समय और बढ़ गईं, जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स से बीसीसीआई के निर्देश पर रिलीज कर दिया गया। इस फैसले के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया, हालांकि यह कदम बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित हमलों से जुड़ी खबरों के बीच सामने आया, जिससे मामले को लेकर अटकलें और तेज हो गईं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुलबुल ने कहा, ‘हमें अभी तक आईसीसी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। हमने अपनी चिंताओं से जुड़े सभी दस्तावेज और सबूत भेज दिए हैं।’ उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के भीतर किसी अन्य शहर में मैच कराना उनकी चिंता का समाधान नहीं है। उन्होंने आगे कहा, ‘भारत का कोई भी वैकल्पिक वेन्यू आखिरकार भारत ही होगा। आप जानते हैं कि कोई भी एकतरफा फैसला नहीं लिया जा सकता और हमें सरकार के निर्देशों का पालन करना होगा। हम आज भी उसी स्थिति में खड़े हैं, जहां कुछ दिन पहले थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीबी अध्यक्ष ने कहा कि आईसीसी की प्रतिक्रिया आने तक बोर्ड कोई अगला कदम नहीं उठाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया, “अगर हमें श्रीलंका में खेलने की अनुमति नहीं मिलती तो आगे क्या किया जाएगा, इस पर मैं तब तक कुछ नहीं कह सकता जब तक आईसीसी का जवाब नहीं आ जाता।” बांग्लादेश को ग्रुप चरण में तीन मैच कोलकाता और एक मैच मुंबई में खेलना है। वहीं, हैदराबाद और चेन्नई को वैकल्पिक वेन्यू बनाए जाने की खबरों पर बुलबुल ने अनभिज्ञता जताई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मैंने हैदराबाद और चेन्नई के रिप्लेसमेंट वेन्यू होने की बात नहीं सुनी है। शायद हमें सोमवार या मंगलवार तक कुछ जानकारी मिल जाए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here