न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत की संभावित टीम: सुंदर-कृष्णा बाहर, दो नए चेहरे शामिल\

0

नई दिल्ली : भारत ने वडोदरा में न्यूजीलैंड को पहले वनडे में 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे बुधवार को राजकोट में खेला जाएगा। भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर चोट के कारण इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं, जो टीम इंडिया के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

वाशिंगटन सुंदर के सीरीज से बाहर होने के बाद, राजकोट में भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन के चयन पर टीम मैनेजमेंट को गंभीर रूप से विचार करना होगा। राजकोट की पिच बल्लेबाजों के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती है और यहां बड़े स्कोर बनते रहते हैं। तेज गेंदबाजों को शुरू में थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच पूरी तरह से बल्लेबाजों के पक्ष में हो जाती है। इसके अलावा, मैच के दूसरे हिस्से में स्पिनरों को थोड़ी ग्रिप और टर्न मिलने की संभावना रहती है, लेकिन सपाट पिच होने के कारण उन्हें अपनी लाइन और लेंथ पर कड़ाई से नियंत्रण बनाए रखना होगा।

भारतीय प्लेइंग इलेवन में संभावित दो बदलाव

राजकोट की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, भारतीय टीम दूसरे वनडे के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव कर सकती है। वाशिंगटन सुंदर की जगह नितीश रेड्डी को टीम में शामिल किए जाने की संभावना है, जो निचले क्रम में बल्लेबाजी के साथ-साथ तेज गेंदबाजी का विकल्प भी उपलब्ध करवा सकते हैं। दूसरा संभावित बदलाव प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में हो सकता है, जिन्होंने पहले मैच में ज्यादा असर नहीं दिखाया था। खासकर कृष्णा डेथ ओवर्स में कमजोर साबित हुए थे, जिससे न्यूजीलैंड को 300 रन तक का स्कोर बनाने में मदद मिली थी।

दूसरे वनडे में यदि प्रसिद्ध कृष्णा को टीम से बाहर रखा जाता है, तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह को शामिल किए जाने की संभावना है। भारत के लिए पारी की शुरुआत रोहित शर्मा और शुभमन गिल करेंगे, इसके बाद बैटिंग क्रम में विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा की बल्लेबाजी रहेगी। इसके अलावा कुलदीप यादव, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज अपनी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाए रखने में सफल रहेंगे। हर्षित राणा ने पहले वनडे में टीम के लिए अहम 27 रन बनाए थे और 2 विकेट भी लिए थे, जबकि सिराज की गेंदबाजी भी काफी प्रभावशाली रही थी।

दूसरे वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here