नई दिल्ली : भारतीय टीम के पूर्व ओपनर और कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने हाल ही में रविंद्र जडेजा के वनडे फॉर्म को लेकर चिंता जताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश का मानना है कि मौजूदा हालात में बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर की दौड़ में अक्षर पटेल ने जडेजा को पीछे छोड़ दिया है। भारत ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया। इस मैच में 301 रन के लक्ष्य को भारत ने एक ओवर शेष रहते हासिल किया। हालांकि, इस जीत के बावजूद मैच में रविंद्र जडेजा का प्रदर्शन फिर फीका रहा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपने यूट्यूब चैनल पर मैच का विश्लेषण करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि अगर मौजूदा समय में वनडे वर्ल्ड कप शुरू होता, तो भारतीय टीम रविंद्र जडेजा की बजाय अक्षर पटेल को तरजीह देती। आकाश के मुताबिक सफेद गेंद के क्रिकेट में जडेजा और अक्षर के बीच चल रही होड़ में फिलहाल अक्षर आगे नजर आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अक्षर को एक बार फिर टी20 टीम का उपकप्तान बनाए जाना इस बात का संकेत है कि टीम मैनेजमेंट उन पर ज्यादा भरोसा जता रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे कहा कि रविद्र जडेजा न तो गेंदबाजी में असर डाल पा रहे हैं और न ही बल्लेबाजी में। आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘अगर वनडे वर्ल्ड कप कल से शुरू हो रहा होता और भारतीय टीम को दोनों में से एक स्पिनर चुनना होता, तो भारत अक्षर पटेल को चुनता क्योंकि रविंद्र जडेजा खेल तो रहे हैं, लेकिन योगदान नहीं दे रहे हैं।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने अपनी बात रखते हुए कहा कि रविंद्र जडेजा हाल के वनडे मुकाबलों में न तो बल्ले से और न ही गेंद से खास असर छोड़ पाए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वनडे मैचों में जडेजा को गेंदबाजी में सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक ही विकेट मिला, जबकि मौजूदा सीरीज में वह अब तक कोई सफलता हासिल नहीं कर सके। आकाश के मुताबिक, कई मौकों पर जडेजा अपने पूरे ओवर भी नहीं फेंक पाए, जो टीम के लिए चिंता का विषय है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘ बल्लेबाजी में आप उन्हें नंबर 5 पर भी भेजते हैं, ताकि वह केएल राहुल से आगे जा सकें, लेकिन वह बल्ले से भी ज्यादा रन नहीं बना पा रहे हैं। मैं उन्हें एक पारी से जज नहीं करूंगा, लेकिन वह अभी फिट नहीं हैं।’
भारत बनाम न्यूजीलैंड के पहले वनडे मुकाबले में रविंद्र जडेजा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने गेंदबाजी करते हुए नौ ओवर में 56 रन खर्च किए और कोई भी विकेट हासिल नहीं कर पाए, वहीं बल्लेबाजी में भी वह सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बावजूद आकाश चोपड़ा ने यह स्वीकार किया कि जडेजा का भारतीय क्रिकेट में योगदान बेहद अहम रहा है और उन्होंने टीम को लंबे समय तक कई यादगार जीत दिलाई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘जडेजा एक शानदार खिलाड़ी हैं और उन्होंने भारत के लिए बहुत योगदान दिया है, लेकिन फिलहाल वनडे क्रिकेट में वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने यह भी बताया कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत एक से ज्यादा बाएं हाथ के स्पिनर नहीं खिला पाएगा। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ बचे हुए दो मुकाबले जडेजा के लिए बेहद अहम होंगे। साल 2025 में रविंद्र जडेजा ने सात पारियों में कुल 106 रन ही बना पाए हैं, जबकि 2024 में उन्होंने 10 वनडे पारियों में गेंद से 12 विकेट अपने नाम किए थे। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि जडेजा एक बार फिर दमदार वापसी कर पाते हैं या फिर अक्षर पटेल इस मौके का फायदा उठाकर वनडे टीम में अपनी जगह स्थायी कर लेते हैं।


