बेंगलुरु: विदर्भ और पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को बेंगलुरु में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में विदर्भ ने दिल्ली को 76 रन से हराया, जबकि पंजाब ने मध्यप्रदेश पर 183 रन की बड़ी जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट में पंजाब की सबसे बड़ी जीत रही। पंजाब बनाम एमपी मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 345 रन बनाए। कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने 88 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा अनमोलप्रीत सिंह (70), नेहाल वधेरा (56) और हरनूर सिंह (51) ने अर्धशतक जमाए। मध्यप्रदेश की ओर से त्रिपुरेश सिंह और कप्तान वेंकटेश अय्यर ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमपी की टीम 31.2 ओवर में 162 रन पर सिमट गई। रजत पाटीदार ने 38 और त्रिपुरेश सिंह ने 31 रन बनाए। पंजाब के लिए सनवीर सिंह ने तीन विकेट झटके।
दूसरे मुकाबले में विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 300 रन बनाए। यश राठौड़ ने 86 और ओपनर अथर्व तायडे ने 62 रन की पारी खेली। जवाब में दिल्ली की टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली को कप्तान ऋषभ पंत और उपकप्तान आयुष बडोनी की गैरमौजूदगी खली। पंत चोटिल हैं जबकि बडोनी न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ हैं। विदर्भ की ओर से नचिकेत भूटे ने चार और कप्तान हर्ष दुबे ने तीन विकेट लिए। दिल्ली के अनुज रावत ने 66 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
इससे पहले सोमवार को सौराष्ट्र और कर्नाटक पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। सौराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को हराया, जबकि कर्नाटक ने मुंबई को 55 रन से मात दी। अब सेमीफाइनल मुकाबले 15 और 16 जनवरी को बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल विदर्भ और कर्नाटक के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला सौराष्ट्र और पंजाब के बीच खेला जाएगा।

