मैरी कॉम पर अफेयर के आरोप, पूर्व पति बोले- जूनियर बॉक्सर से था रिश्ता, मेरे पास सबूत हैं

0

नई दिल्ली: भारत की दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम पर शादी के दौरान एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के गंभीर आरोप लगे हैं। ये आरोप उनके पूर्व पति करुंग ओंखोलेर (ऑनलर) ने लगाए हैं। ऑनलर ने  कहा कि मैरी कॉम का 2013 में एक जूनियर बॉक्सर के साथ अफेयर था। इस बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद भी हुआ था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था। ऑनलर का कहना है कि 2017 के बाद मैरी कॉम का रिश्ता उनकी बॉक्सिंग एकेडमी में काम करने वाले एक व्यक्ति से हो गया था। उन्होंने दावा किया कि उस व्यक्ति के साथ मैरी कॉम की व्हाट्सएप चैट उनके पास सबूत के तौर पर मौजूद है। उन्होंने यह भी कहा कि उस व्यक्ति का नाम भी उन्हें पता है, लेकिन अभी उन्होंने सार्वजनिक नहीं किया है। ऑनलर ने कहा कि वे अब तक चुप थे, लेकिन टीवी शो में कही गई बातों के बाद सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैरी किसी और के साथ रहना चाहती थीं, इसी वजह से रिश्ते में दरार आई और बाद में तलाक हो गया। ऑनलर ने साफ किया कि अगर मैरी दोबारा शादी करना चाहती हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन पर झूठे आरोप न लगाए जाएं। अगर आरोप हैं तो सबूत सामने लाए जाएं। गौरतलब है कि मैरी कॉम ने हाल ही में एक टीवी शो में आरोप लगाया था कि ऑनलर ने उनके बॉक्सिंग करियर से कमाई गई रकम में धोखाधड़ी की।

मैरी का कहना है कि बिना उनकी जानकारी के उनके नाम पर लोन लिया गया, संपत्ति गिरवी रखी गई और कुछ संपत्तियां अपने नाम ट्रांसफर कर ली गईं। उन्हें लंबे समय तक अपनी आर्थिक स्थिति की जानकारी नहीं थी। इन आरोपों पर ऑनलर ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कोई 5 करोड़ रुपए नहीं चुराए हैं और कोई भी उनका अकाउंट चेक कर सकता है। उन्होंने कहा कि 18 साल साथ रहने के बाद आज वे दिल्ली में किराए के मकान में रह रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि मैरी कॉम बॉक्सिंग एकेडमी की नींव रखने में उनकी अहम भूमिका रही है, लेकिन अब उन्हें ‘यूज एंड थ्रो’ की तरह बाहर कर दिया गया। बच्चों को लेकर ऑनलर ने कहा कि मैरी भले ही पढ़ाई का खर्च उठा रही हों, लेकिन परवरिश में उनकी भी बराबर की भूमिका रही है। शराब पीने की आदत को लेकर लगे आरोपों को उन्होंने बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया बताया। गौरतलब है कि मैरी कॉम ने 2012 लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वे वर्ल्ड चैंपियनशिप में 6 गोल्ड समेत कुल 8 पदक जीत चुकी हैं। उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे सम्मान मिल चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here