नई दिल्ली: 2026 टी20 विश्व कप से पहले संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के तेज गेंदबाज अली खान ने दावा किया है कि उन्हें भारत का वीज़ा नहीं मिला है। पाकिस्तानी मूल के अली खान ने यह जानकारी मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए साझा की। हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा विवरण नहीं दिया। टी20 वर्ल्ड कप में USA का पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई में भारत के खिलाफ खेला जाना है। फिलहाल अली खान टीम के ट्रेनिंग कैंप के लिए श्रीलंका में मौजूद हैं। टीम मैनेजर से संपर्क करने की कोशिश की गई है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। USA ने अभी तक अपने 15 सदस्यीय विश्व कप दल की घोषणा नहीं की है। श्रीलंका में मौजूद 18 खिलाड़ियों में से ही टीम का चयन किया जाएगा। चूंकि पिछले साल ICC ने USA क्रिकेट बोर्ड को निलंबित कर दिया था, इसलिए टीम चयन की जिम्मेदारी कोचिंग ग्रुप पर होगी।
35 वर्षीय अली खान USA टीम के उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो पाकिस्तानी मूल के हैं। उनके अलावा पूर्व पाकिस्तानी टेस्ट खिलाड़ी एहसान आदिल और मोहम्मद मोहसिन भी टीम का हिस्सा हैं। ICC ने इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक वह समस्या के समाधान की कोशिश कर रहा है। गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में ICC ने सभी टीमों को स्पष्ट कर दिया था कि भारत और श्रीलंका के लिए वीज़ा की जिम्मेदारी संबंधित क्रिकेट बोर्ड की होगी। USA बोर्ड के निलंबन के कारण यह जिम्मेदारी ICC की रहेगी।
पिछले कुछ वर्षों में भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव के चलते दूसरे देशों के लिए खेलने वाले पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों को भी वीज़ा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले इंग्लैंड के शोएब बशीर, साकिब महमूद और ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा को भी समस्याएं हुई थीं। 2023 वनडे वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तानी टीम का वीज़ा भी देरी से आया था।
USA ने 2024 में सुपर-8 में जगह बनाकर सीधे 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था। टीम अपने चार में से तीन ग्रुप मैच भारत में खेलेगी। पहला मैच 7 फरवरी को भारत से मुंबई में, दूसरा 10 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से, जबकि तीसरा और चौथा मुकाबला 13 और 15 फरवरी को चेन्नई में नीदरलैंड्स और नामीबिया के खिलाफ होगा।

