एनएसटी न्यूज, भोपाल: 31वें आईईएस डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जलील के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत राज एक्सप्रेस ने नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स (एनएसटी) को 66 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। बुधवार को बाबेअली मैदान पर खेले गए मुकाबले में राज एक्सप्रेस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में सात विकेट पर 188 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से जलील ने 52 गेंदों में 75 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जबकि प्रशांत ने 42 और मनोरंजन कुमार ने 21 रन बनाए। एनएसटी की तरफ से सचिन ने तीन और पंकज अहलावत ने दो विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनएसटी की टीम निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर केवल 122 रन ही बना सकी। कप्तान मोहन ने 40 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि अजय मौर्य ने 26 रनों का योगदान दिया। राज एक्सप्रेस की ओर से नरेश और जलील ने दो-दो विकेट लिए, वहीं कप्तान शशि शेखर को एक सफलता मिली। शानदार प्रदर्शन के लिए जलील को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि प्रशांत को आरएनटीयू वैल्युएबल प्लेयर का पुरस्कार मिला।
दूसरे मुकाबले में फिनिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 139 रन बनाए। सबीर मुहम्मद ने 46 गेंदों में 60 रनों की अहम पारी खेली, जबकि रवि ने 19 गेंदों में नाबाद 30 और कप्तान दीपेश ने 21 रन बनाए। गिल्ट फ्री की ओर से आशुतोष ने तीन और विनोद पाल ने दो विकेट लिए। जवाब में गिल्ट फ्री ने 16.1 ओवर में पांच विकेट खोकर 142 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। आदित्य गौर ने 32 गेंदों में नाबाद 60 रनों की तूफानी पारी खेली। नीतेश ने 29 और रिजवान ने 22 रन बनाए। फिनिक्स के लिए दिवाकर तिवारी और दिवांशु यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए।
आज के मुकाबले
ओल्ड कैंपियन मैदान
जनसंपर्क बनाम पब्लिक वाणी – सुबह 9:00 बजे
महाबली वॉरियर्स बनाम हमीदिया – दोपहर 12:30 बजे
बाबेअली मैदान
स्वदेश ज्योति बनाम डिजिआना – सुबह 9:00 बजे
नगर निगम बनाम डॉक्टर-11 – दोपहर 12:30 बजे।

