एनएसटी न्यूज, भोपाल। पुलिस जिम्नेजियम हॉल, जहांगीराबाद में आयोजित 11वें भोपाल लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में बालक वर्ग के मुकाबलों में शानदार खेल देखने को मिला। टूर्नामेंट में बालक अंडर-19 एकल में आर्यन उपाध्याय और अंडर-17 वर्ग में अर्धेन्दू उपाध्याय ने खिताबी जीत दर्ज की। लाल परेड ग्राउंड स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-19 एकल फाइनल में शीर्ष वरीय आर्यन उपाध्याय ने तीसरी वरीयता प्राप्त बिस्वजीत सिंह सिकरवार को कड़े मुकाबले में 21-17, 17-21, 22-20 से पराजित किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला और मैच अंतिम गेम तक खिंचा। अंडर-17 एकल फाइनल में गैर वरीय अर्धेन्दू उपाध्याय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष वरीय अवनीश सिंह नेगी को सीधे गेमों में 21-12, 21-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
पुरुष एकल वर्ग में खिताबी मुकाबले के लिए शिवांश और शिशिर ने जगह बनाई। सेमीफाइनल में शिवांश गुर्जर ने ऋषिक वर्मा को 15-21, 21-11, 21-11 से हराया, जबकि शिशिर द्विवेदी ने आर्यन उपाध्याय को 21-9, 21-12 से पराजित किया। मिश्रित युगल में रवि राय और योग्या ताम्बे की जोड़ी ने प्रमोद और श्रीलेखा जाधव को 21-14, 21-13 से हराया। पुरुष युगल 35 आयु वर्ग में संदीप नियोगी और विजेंद्र सिंह ने नवेंदु व सौरभ चंदेल को 21-3, 21-12 से मात दी।
पुरुष युगल 40 वर्ग में रोहित सोनी और विजेंद्र सिंह ने संजय गवांडे व सिद्धार्थ को 21-10, 21-5 से हराया, जबकि मनीष नहारे और रविंदर चावला ने अकबर खान और कबीर मलिक को 21-5, 21-5 से पराजित किया। पुरुष एकल 45 वर्ग में पवन वाधवा ने अकबर खान को 21-8, 21-7 से और अमित साहू ने भगवान सिंह गौतम को 21-11, 21-14 से हराया। पुरुष युगल 45 में कमल कोटवानी और पवन वाधवा ने गोपाल धाकड़ व विकास सिंह को 21-12, 17-21, 21-16 से हराया, जबकि अमित साहू और पंकज जैन ने अमित बिंदल व पवन भदौरिया को 21-19, 21-12 से परास्त किया।
पुरुष एकल 50 वर्ग में अज़हर ने जीआर नागले को 21-9, 21-8 से हराया। दिनेश नागिया ने रजनीश मारण को 21-16, 22-20 से पराजित किया, जबकि मोका प्रखर राव ने धनपाल को 15-12, 15-6 से मात दी। पुरुष एकल 55 वर्ग में रेनू विक्टर ने मनोज गुप्ता को 21-19, 17-21, 21-13 से हराया, वहीं देवेंद्र यादव ने कुलवंत पुरी को 21-7, 21-17 से पराजित किया।
पुरुष युगल 55 वर्ग में चंद्रशेखर अग्रवाल और परेश अग्रवाल ने दिलीप सिंह व मनोज गुप्ता को 21-14, 21-13 से हराया। वहीं नरेश बागड़े और सुधीर थापा ने गिरीश मनचंदा व कुलवंत पुरी को 11-21, 21-17, 22-20 से पराजित किया। पुरुष एकल 60 वर्ग में शैलेंद्र सिंह ने सुनील देसाई को 21-15, 19-21, 21-17 से हराया। लक्ष्मी नारायण नंदराजू ने शैलेंद्र सिंह को 21-10, 19-21, 21-10 से मात दी। पुरुष युगल 60 में डॉ. शैलेंद्र बागरे और विवेक तत्ववादी ने अनिल शर्मा व लक्ष्मी नारायण नंदराजू को 21-13, 21-10 से हराया। महिला एकल 35 वर्ग में सोनल माहेश्वरी ने शर्ली भारद्वाज को 15-5, 15-4 से पराजित किया।

