नई दिल्ली : अंडर-19 वर्ल्ड कप के अपने दूसरे मुकाबले में इंडिया अंडर-19 टीम शनिवार, 17 जनवरी को बांग्लादेश अंडर-19 से भिड़ेगी। टीम इंडिया ने गुरुवार, 15 जनवरी को अमेरिका को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपने अभियान का शानदार आगाज़ किया था। हेनिल पटेल की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर अमेरिका की टीम 107 रन पर सिमट गई, हालांकि आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम की बल्लेबाजी इस मैच में कुछ खास नहीं रही।
बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में इंडिया अंडर-19 की बल्लेबाजी पर खास नजरें रहेंगी, क्योंकि टूर्नामेंट में सेमीफाइनल और फाइनल तक का सफर तय करने के लिए वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे समेत बाकी बल्लेबाजों का फॉर्म में होना बेहद जरूरी है। टूर्नामेंट के तीसरे दिन बुलवायो में इंडिया अंडर-19 टीम बिना किसी बदलाव के अपनी प्लेइंग इलेवन उतार सकती है। हालांकि, टीम के लिए चिंता की बात एरोन जॉर्ज की चोट है, जो फिलहाल परेशानी का कारण बनी हुई है।
इंडिया अंडर-19 को वैभव और आयुष से दमदार प्रदर्शन की आस
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जॉर्ज टेनिस एल्बो की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके चलते इंडिया अंडर-19 टीम ने अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में हरवंश पंगलिया को मौका दिया। इस मैच में आयुष म्हात्रे ने 19 रन बनाए, जबकि विहान मल्होत्रा 18 रन ही जोड़ सके। वैभव सूर्यवंशी और वेदांत त्रिवेदी के बल्ले से 2-2 रन निकले। निचले क्रम में अभिज्ञान कुंडू ने नाबाद 42 रन की अहम पारी खेली, वहीं कनिष्क चौहान 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। हालांकि बारिश से प्रभावित इस मैच में बल्लेबाजी आसान नहीं रही। अब इंडिया अंडर-19 टीम को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अपने टॉप ऑर्डर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
इंडिया अंडर-19 की गेंदबाजी रही दमदार
इंडिया अंडर-19 के गेंदबाजी आक्रमण ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसमें हेनिल पटेल के साथ-साथ दीपेश देवेंद्रन और आएस अम्ब्रीश ने अनुकूल हालात का भरपूर लाभ उठाया। इनके अलावा खिलान पटेल और कनिष्क चौहान ने भी सटीक लाइन-लेंथ के साथ टीम को मजबूती दी। अब इंडिया अंडर-19 को बांग्लादेश के खिलाफ हेनिल और दीपेश की अगुवाई में शुरुआत से ही विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की उम्मीद होगी। इसके बाद टीम का आखिरी मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा।
बांग्लादेश के खिलाफ इंडिया अंडर-19 की संभावित प्लेइंग 11
आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलान पटेल

