नई दिल्ली : भारतीय टीम इस समय 2026 की पहली सीरीज में खेल रही है, जिसमें न्यूजीलैंड की टीम भारत के दौरे पर है। फिलहाल दोनों टीमें पहले वनडे सीरीज में आमने-सामने हैं, जिसके बाद टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। अब तक वनडे सीरीज के दो मैच हो चुके हैं और सीरीज की स्थिति बराबरी पर बनी हुई है। ऐसे में तीसरा मुकाबला कप्तान शुभमन गिल के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सवाल यह उठता है कि क्या शुभमन गिल इस मैच को जीतकर अपनी और टीम इंडिया की शर्मिंदगी से बचा पाएंगे, या ऐसा कुछ होगा जो अब तक क्रिकेट में कभी नहीं देखा गया।
टीम इंडिया ने की जबरदस्त शुरुआत, लेकिन दूसरे मैच में मिली हार
टीम इंडिया ने सीरीज की शानदार शुरुआत करते हुए पहला वनडे मैच जीत लिया था, लेकिन दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में केएल राहुल ने शतक जरूर बनाया, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनके साथ खड़े नहीं हो सके, जिससे टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। वहीं, न्यूजीलैंड की तरफ से डेरिल मिचेल ने शतक जमाया और विल यंग ने भी प्रभावशाली पारी खेली, जिससे टीम इंडिया को अंततः हार का सामना करना पड़ा।
न्यूजीलैंड की भारत में वनडे सीरीज जीत का सपना अभी तक अधूरा
दिलचस्प बात यह है कि न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम अब तक भारत में वनडे सीरीज जीतने में कभी सफल नहीं रही है। चाहे सीरीज किसी भी समय खेली गई हो, कप्तान कोई भी रहा हो या टीम कैसी भी हो, भारत में जीत हासिल करना उनके लिए हमेशा मुश्किल रहा है। इस बार देखना होगा कि क्या शुभमन गिल भारतीय टीम की प्रतिष्ठा बचा पाएंगे। यह उनके लिए एक बड़ी चुनौती साबित होगी। गौरतलब है कि न्यूजीलैंड ने इस वनडे सीरीज के लिए अपनी सबसे मजबूत टीम नहीं भेजी है, फिर भी उन्होंने सीरीज को बराबरी पर ला दिया है, जो निश्चित ही चिंता का विषय है।
इंदौर का होल्कर स्टेडियम: जहां भारत ने वनडे में कभी हार नहीं मानी
अच्छी खबर यह है कि अगला मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह स्टेडियम भारत के लिए हमेशा लकी साबित हुआ है, क्योंकि भारतीय टीम ने यहां अब तक कोई वनडे मैच नहीं हारा है। यह आंकड़ा शुभमन गिल और टीम को कुछ हद तक आत्मविश्वास जरूर देगा, लेकिन जीत के लिए मैदान पर कड़ी मेहनत करना होगी। बल्लेबाजों को रन बनाने होंगे और गेंदबाजों को जल्दी विकेट लेने होंगे, तभी टीम का पलड़ा भारी होगा। अब देखने वाली बात यह है कि इंदौर में भारतीय टीम कैसा प्रदर्शन करती है।


