मुंबई को बड़ा झटका: रणजी ट्रॉफी से 14,000+ रन बनाने वाले खिलाड़ी बाहर, जानें वजह

0

नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे राउंड के शुरू होने से पहले मुंबई को बड़ा झटका लगा है। मुंबई के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को सूचित किया है कि वह ‘निजी कारणों’ के चलते इस रेड-बॉल सीजन के बाकी मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। मुंबई अपनी बाकी बचे दो रणजी ट्रॉफी मैचों में से पहला मुकाबला 22-25 जनवरी तक हैदराबाद के खिलाफ हौम टीम से बाहर खेलेगी। इसके बाद टीम अपने घरेलू मैदान पर लौटकर 29 जनवरी से 1 फरवरी तक MCA-BKC ग्राउंड में दिल्ली के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी।

हैदराबाद के खिलाफ मैच के लिए मुंबई टीम का चयन 17 जनवरी को किया जाएगा। एमसीए के एक सूत्र ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हम लीग गेम के दूसरे चरण के लिए मुंबई टीम का चयन करेंगे। अजिंक्य रहाणे इसमें शामिल नहीं होंगे क्योंकि उन्होंने एमसीए को सूचित किया है कि वह बाकी बचे दो रेड-बॉल मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।”

रहाणे ने सिर्फ एक शतक ही बनाया

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 14 हजार से ज्यादा रन बना चुके 37 साल के रहाणे पिछले दो सीजन से मुंबई के लिए खेल रहे हैं। वह जुलाई 2023 में भारत के लिए आखिरी बार खेले थे। वह आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं और आने वाले सीजन में बतौर कप्तान खेलेंगे। रहाणे का यह रणजी सीजन औसत रहा है। उन्होंने अब तक चार रणजी ट्रॉफी मैचों में सिर्फ एक शतक बनाया है।

रहाणे ने कप्तानी का पद छोड़ दिया

मौजूदा सीजन से पहले अजिंक्य रहाणे ने मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि अब यह समय है कि टीम में किसी युवा खिलाड़ी को इस जिम्मेदारी के लिए तैयार किया जाए। उनके स्थान पर शार्दुल ठाकुर को राज्य टीम का नया कप्तान बनाया गया।

रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 रणजी ट्रॉफी जीती

मुंबई ने 2023-24 का रणजी ट्रॉफी खिताब जीतकर सात साल का सूखा खत्म किया। इसके अलावा, रहाणे की कप्तानी में टीम ने 2024-25 का ईरानी कप भी अपने नाम किया। रहाणे ने कहा था कि कप्तानी छोड़ने के बाद भी वह खिलाड़ी के रूप में मुंबई क्रिकेट की सेवा जारी रखेंगे। वर्तमान में मुंबई ग्रुप डी की पॉइंट्स टेबल में पांच मैचों में तीन जीत और दो ड्रॉ के साथ 24 पॉइंट्स लेकर शीर्ष स्थान पर है और अब लीग फेज के बाकी दो मैच खेलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here