31वां आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में हमीदिया ने सुपर हीटर्स और रेट्रो स्टार ने यूज लोकेटर को हराया
एनएसटी न्यूज, भोपाल। 31वें आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में हमीदिया स्पोर्ट्स और रेट्रो स्टार की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दानिश खान और मनन शर्मा के अर्धशतकों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। बाबे आली मैदान पर खेले गए पहले मैच में सुपर हीटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 9 विकेट देखकर 148 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान सौरव यादव ने 31 रन, वैभव कुमार ने 39 रन और मानव ने 41 रनों की उपयोगी पारी खेली। हमीदिया स्पोर्ट्स की ओर से दीपक मालवीय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि आदिल को दो सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमीदिया स्पोर्ट्स की टीम ने 16.5 ओवर में 5 विकेट पर जरूरी रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया। टीम की जीत में दानिश खान का अहम योगदान रहा, जिन्होंने शानदार 69 रनों की पारी खेली। मिथलेश ने 21 रनों का सहयोग दिया। सुपर हीटर्स की ओर से जसमीत और प्रशांत ने दो-दो विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए दानिश खान को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि दीपक मालवीय को आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। पुरस्कार पुलिस अधिकारी विजय दुबे, यूज लोकेटर के डायरेक्टर फैसल मीर खान और इंटरनेशनल कमेंटेटर दामोदर प्रसाद आर्य ने प्रदान किए।
दिन के दूसरे मुकाबले में यूज लोकेटर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 127 रन बनाए। इसमें भाग्यस्वामी ने 48 और आर्य सूद ने 24 रनों की पारी खेली। रेट्रो स्टार की ओर से गुरुप्रसाद और संकल्प शिव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। जवाब में रेट्रो स्टार की टीम ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से मनन शर्मा ने 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए मनन शर्मा को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आज के मुकाबले
ओल्ड कैंपियन मैदान
• विजेश लूनावत स्मृति टेनिस बॉल मैच – चकल्लस इलेवन बनाम डॉक्टर इलेवन, सुबह 9.00 बजे
• आरएनटीयू बनाम गिल्ट फ्री, दोपहर 1.00 बजे से
बाबे आली मैदान
• नगर निगम कमिश्नर इलेवन बनाम फीजियो इलेवन, सुबह 9.30 बजे से
• डीजीपी इलेवन बनाम डॉक्टर्स इलेवन, दोपहर 12.30 बजे से

