नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे लेग की शुरुआत 22 जनवरी से होगी और खबरों के अनुसार भारतीय वनडे कप्तान शुभमन गिल और टीम के सीनियर ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा इसमें हिस्सा ले सकते हैं। गिल और जडेजा इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का हिस्सा थे और उसके समाप्त होने के तुरंत बाद दोनों अपनी-अपनी टीमों के साथ जुड़ सकते हैं।
शुभमन गिल और रविंद्र जडेजा रणजी ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे
क्रिकबज की जानकारी के अनुसार, अगर अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं होता है, तो शुभमन गिल और रविंद्र जडेजा एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर खेलते नजर आ सकते हैं। 22 जनवरी को निरंजन शाह स्टेडियम में सौराष्ट्र का सामना पंजाब से होगा, जिसमें जडेजा सौराष्ट्र की ओर से खेलेंगे और गिल पंजाब टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शुभमन गिल इस सीजन में रणजी ट्रॉफी के किसी मैच में नहीं खेले हैं और उनका आखिरी मैच पिछले सीजन में कर्नाटक के खिलाफ था। वहीं जडेजा ने सिर्फ एक घरेलू मैच खेला है जिसमें वह अपनी टीम के लिए मध्य प्रदेश के खिलाफ खेले थे। इन दोनों के जुड़ने से उनकी टीमों को और मजबूती मिलेगी। सौराष्ट्र और पंजाब दोनों ने अपने पिछले पांच मैचों में सिर्फ एक-एक मैच जीते हैं और वे ग्रुप ही की अंकतालिका में चौथे और छठे स्थान पर हैं।
इस मैच के बाद दोनों टीमों के एक-एक और लीग मुकाबले बचे हैं। फिलहाल गिल और जडेजा भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, जो पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी और उसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी। ऐसे में संभावना है कि दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए लीग मैचों और फाइनल के दौरान भी उपलब्ध हो सकते हैं।


