नई दिल्ली। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE), ग्वालियर आगामी 23 और 24 जनवरी को दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘सेतु 2026 – स्पोर्ट्स इकोसिस्टम फॉर ट्रेनिंग अपग्रेडेशन’ की मेजबानी करेगा। यह सम्मेलन केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया के संरक्षण तथा राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन का उद्देश्य देश की खेल शिक्षा और प्रशिक्षण प्रणाली को मजबूत करना है। इसमें नीति निर्धारक, शिक्षाविद, खेल प्रशासक, कोच, खेल वैज्ञानिक और उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। यह आयोजन युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जिसकी संयोजक एलएनआईपीई की कुलपति कल्पना शर्मा हैं।
सम्मेलन प्रधानमंत्री के 2030 के बाद ओलंपिक में भारत की सफलता के विजन के अनुरूप खेल विज्ञान, कोचिंग, स्किलिंग और शिक्षा को एकीकृत ढांचे में जोड़ने पर केंद्रित रहेगा। ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य के तहत प्रतिभा पहचान, प्रशिक्षण, शिक्षा और रोजगार के समन्वय पर चर्चा होगी।
नीति आयोग 2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम विकास, आधुनिक कोचिंग तकनीक, स्किल आधारित शिक्षा, शोध और खेल प्रशासन सुधार जैसे विषयों पर मंथन होगा। सम्मेलन के अंत में ‘सेतु 2026 घोषणा पत्र’ जारी किया जाएगा, जो भारत में खेल शिक्षा के भविष्य के लिए रोडमैप तय करेगा।

