नई दिल्ली : भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्ला रणजी ट्रॉफी 2025-26 के छठे राउंड में नहीं चला। सौराष्ट्र के खिलाफ पंजाब की कप्तानी कर रहे गिल खाता भी नहीं खोल पाए। सौराष्ट्र को 47.1 ओवर में 172 रनों पर आउट करने के बाद पंजाब की हालत खराब रही। पंजाब 25 ओवर में 87 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी और 85 रन से पीछे थी। इससे पहले रविंद्र जडेजा भी फ्लॉप रहे और केवल 7 रन बनाकर आउट हो गए।
पंजाब को पहला झटका सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने पहले ही ओवर में दे दिया। हरनूर सिंह बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके प्रभसिमरन सिंह और उदय सहारन ने अर्धशतकीय साझेदारी की। उदय 24 गेंद पर 4 चौके की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। धर्मेंद्रसिंह जडेजा को उनका विकेट मिला। जडेजा ने कुछ ही देर बाद नेहल वढेरा को पवेलियन भेजा। उन्होंने 6 रन बनाए।
पंजाब ने 4 गेंदों में 3 विकेट गंवा दिए
शुभमन गिल नंबर 5 पर बल्लेबाजी के लिए आए और दूसरी ही गेंद पर बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए। पार्थ भुत ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। पंजाब को पांचवां झटका अगली ही गेंद पर लगा। प्रभसिमरन सिंह 60 गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह से पंजाब का स्कोर 20.1 ओवर में 5 विकेट पर 73 रन हो गए। पंजाब ने 4 गेंद के अंदर में 3 विकेट गंवा दिए। वढेरा, गिल और प्रभसिमरन पवेलियन लौट गए।
हरप्रीत बरार ने 6 विकेट झटके, मैच में मचाया धमाल
सौराष्ट्र की टीम 47.1 ओवर में 172 रन पर आउट हो गई। जय गोहिल ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए, जबकि प्रेरक मांकड़ ने 32 रन का योगदान दिया। जडेजा समेत सौराष्ट्र के आधा दर्जन बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुँच पाए। पंजाब की ओर से हरप्रीत बरार ने धमाकेदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट लिए, जबकि जस इंदर ने 2 विकेट अपने नाम किए।

