RCB को खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं अदार पूनावाला, IPL की बड़ी डील की तैयारी

0

नई दिल्ली। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया के CEO और पूनावाला फिनकॉर्प के चेयरमैन अदार पूनावाला ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की लोकप्रिय फ्रेंचाइज़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खरीदने में रुचि दिखाई है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए पूनावाला ने संकेत दिया कि वह आने वाले महीनों में RCB के लिए मजबूत और प्रतिस्पर्धी बोली लगाने जा रहे हैं।

पूनावाला ने अपने पोस्ट में लिखा, “आने वाले कुछ महीनों में IPL की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक RCB के लिए मजबूत और प्रतिस्पर्धी बोली लगाने जा रहा हूं।” इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी उन्होंने कहा था कि सही कीमत पर RCB एक शानदार टीम है।

45 वर्षीय अदार पूनावाला दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया का नेतृत्व करते हैं। इसके अलावा वह पूनावाला फिनकॉर्प के चेयरमैन भी हैं और भारत के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं।

गौरतलब है कि RCB की मालिकाना कंपनी डियाजियो ने पिछले साल नवंबर में संकेत दिए थे कि वह फ्रेंचाइज़ी में अपनी हिस्सेदारी बेचने की संभावना तलाश रही है। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, डियाजियो ने भारत के मार्केट रेगुलेटर SEBI को दी गई फाइलिंग में कहा था कि वह रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (RCSPL) के जरिए किए गए अपने निवेश की समीक्षा कर रही है। RCSPL के पास RCB की पुरुष और महिला दोनों टीमें हैं। यह समीक्षा 31 मार्च 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।

RCB IPL की सबसे लोकप्रिय टीमों में शामिल रही है। 2008 में IPL की शुरुआत के समय यह दूसरी सबसे महंगी फ्रेंचाइज़ी थी, जिसे 111.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर में खरीदा गया था। पुरुष टीम ने 2025 में अपना पहला IPL खिताब जीता था और अब 2026 सीजन में उसे डिफेंड करने उतरेगी। वहीं महिला टीम ने 2024 में WPL का खिताब जीता था और फिलहाल 2026 WPL की अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।

हालांकि IPL 2026 में RCB अपने घरेलू मुकाबले कहां खेलेगी, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है। पिछले साल जून में खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर सवाल उठे थे। राज्य सरकार से आयोजन की अनुमति तो मिल गई है, लेकिन इस सीजन मैचों के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here