उज्जैन। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एम. वाय. मेमोरियल ट्रॉफी सीनियर बॉयज इंटर डिवीजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन के बल्लेबाज़ पृथ्वीराज सिंह तोमर ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। उज्जैन के एमपीसीए क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले में उज्जैन डिवीजन और भोपाल डिवीजन आमने-सामने हैं। मैच के दूसरे दिन उज्जैन डिवीजन ने अपने कल के स्कोर 7 विकेट पर 410 रन से आगे खेलना शुरू किया और 423 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इसके जवाब में भोपाल डिवीजन ने बल्लेबाज़ी करते हुए दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 82 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 295 रन बना लिए हैं। भोपाल की ओर से पृथ्वीराज सिंह तोमर ने 123 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, हालांकि वह आउट हो गए। अरहम अकील ने 89 रनों का अहम योगदान दिया। स्टंप्स के समय कनिष्क दुबे 37 रन और अभिराज खरे 25 रन बनाकर नाबाद क्रीज़ पर मौजूद हैं। उज्जैन डिवीजन की ओर से गेंदबाज़ी में ईशान अफरीदी ने 2 विकेट हासिल किए। मैच का तीसरा दिन कल खेला जाएगा, जहां भोपाल डिवीजन की कोशिश बढ़त हासिल करने की होगी।

