एनएसटी न्यूज, भोपाल। बुंदेली मार्शल आर्ट के संरक्षक और सागर निवासी 83 वर्षीय भगवानदास रैकवार को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किए जाने पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंत्री सारंग ने वीडियो कॉल के माध्यम से रैकवार से संवाद कर उनके योगदान की सराहना की और इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

मंत्री सारंग ने कहा कि भगवानदास रैकवार जैसे साधकों ने वर्षों तक बिना किसी शासकीय सहयोग के पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक विधाओं को जीवंत बनाए रखा। उनका समर्पण, साधना और संघर्ष समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बुंदेली मार्शल आर्ट केवल एक खेल नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है, जिसे संरक्षित करना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि बुंदेली मार्शल आर्ट को युवाओं से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे और इसे प्रदेश के खेल विभाग के अंतर्गत शामिल करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इससे न केवल इस पारंपरिक विधा को पहचान मिलेगी, बल्कि ग्रामीण और बुंदेलखंड अंचल के युवाओं को एक नया मंच भी प्राप्त होगा। मंत्री सारंग ने रैकवार के दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवानदास रैकवार का जीवन, साधना और तपस्या युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने और भारतीय परंपराओं को गर्व के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता रहेगा।

