नई दिल्ली : शिखर धवन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए काफी समय हो चुका है। इसके बावजूद वह बीच-बीच में विभिन्न टी20 लीग में खेलते हुए दिखाई देते हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन अब वैसा नहीं रहा, जैसा उनके प्रशंसक देखना चाहते हैं। वहीं, भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी अंबाती रायडू भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं और बुधवार को उन्होंने शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। भले ही उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं रही, लेकिन उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में रन बटोरते हुए मैच में खास प्रभाव छोड़ा।
वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी20 लीग की हुई धमाकेदार शुरुआत
इस वक्त वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी20 लीग खेली जा रही है। इसमें दुनियाभर के खिलाड़ियों के साथ भारतीय खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। बुधवार को एक्शन हुआ, जब दुबई रॉयल्स और गुरुग्राम थंडर्स की टीमें आमने सामने थीं। दुबई रॉयल्स की कप्तानी शिखर धवन कर रहे हैं, जो टीम के ओपनर भी हैं। उन्होंने तीन बॉल पर केवल पांच रनों की पारी खेली और आउट होकर चले गए। नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अंबाती रायडू ने एक बार फिर विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की, जिसने सभी का मन मोह लिया। रायडू ने केवल 27 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 45 रन ठोक दिए। उन्होंने चार चौके और तीन आसमानी छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 166.67 का रहा।
समित पटेल की विस्फोटक पारी ने मचाया तहलका
इंग्लैंड के बल्लेबाज समित पटेल ने पारी के अंतिम ओवरों में आक्रामक तेवर दिखाते हुए तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 32 गेंदों में 65 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके अलावा परवेज रसूल ने भी उपयोगी योगदान देते हुए 17 गेंदों पर 29 रन बनाए। वहीं भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी यूसुफ पठान कुछ खास नहीं कर सके और 9 गेंदों में सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए। इन कुछ शानदार पारियों की बदौलत दुबई रॉयल्स की टीम ने 20 ओवर में 200 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
टी20 लीग में छह टीमें ले रही हैं हिस्सा
वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी20 लीग 2026 का आगाज 26 जनवरी से हो चुका है, जिसमें कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस टूर्नामेंट में दुबई रॉयल्स, दिल्ली वॉरियर्स, गुरुग्राम थंडर्स, पुणे पैंथर्स, महाराष्ट्र टाइकून और राजस्थान लायंस शामिल हैं। लीग में विदेशी खिलाड़ियों के साथ-साथ कई नामी भारतीय क्रिकेटर भी खेलते नजर आ रहे हैं। टूर्नामेंट का लीग चरण 2 फरवरी तक चलेगा, जिसके बाद 3 फरवरी को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 4 फरवरी को खिताबी मुकाबला आयोजित किया जाएगा।

