31.6 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

खेलो एमपी यूथ गेम्स: शूटिंग में जबलपुर और वॉटर स्पोर्ट्स में भोपाल का जलवा, खेल मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर बढ़ाया उत्साह

एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी भोपाल में आयोजित ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026’ के राज्य स्तरीय मुकाबले अब अपने निर्णायक और रोमांचक दौर में पहुंच चुके हैं। बुधवार को टीटी नगर स्टेडियम, शूटिंग अकादमी और लोअर लेक पर पदक तालिका के लिए जबरदस्त होड़ देखने को मिली। जहां निशानेबाजी में जबलपुर के खिलाड़ियों ने एकतरफा दबदबा बनाया, वहीं कयाकिंग-कैनोइंग में भोपाल के ‘वॉटर वॉरियर्स’ ने स्वर्णिम सफलता हासिल की। इस बीच खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विभिन्न खेल मैदानों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निशानेबाजी: जबलपुर के नाम रहे तीन गोल्ड मेडल

एमपी स्टेट शूटिंग अकादमी में आयोजित मुकाबलों में जबलपुर के निशानेबाजों ने अपनी अचूक एकाग्रता का परिचय दिया। 10 मीटर एयर पिस्टल (महिला) में जबलपुर की तनीषा जायसवाल ने 231.5 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। ग्वालियर की आराध्या को रजत मिला। 10 मीटर एयर राइफल (महिला) में जबलपुर की गौतमी भनोत ने 250.8 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता। 10 मीटर एयर राइफल (पुरुष) में जबलपुर के ही आशय अग्रवाल ने 250.1 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

एथलेटिक्स में छिंदवाड़ा की महेरा खान बनीं ‘हर्डल्स क्वीन’

टीटी नगर स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक पर छिंदवाड़ा की महेरा खान ने गर्ल्स 100 मीटर हर्डल्स में अपनी रफ्तार का जादू बिखेरा। उन्होंने महज 17.08 सेकेंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। इंदौर की ग्रेस मार्टिन ने रजत और शिवपुरी की पूर्वा गुर्जर ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। वॉटर स्पोर्ट्स में भोपाल के संतोष और प्रिंस चमके भोपाल के लोअर लेक पर आयोजित कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के 1000 मीटर फाइनल में मेजबान खिलाड़ियों ने श्रेष्ठता सिद्ध की। K1 बॉयज में भोपाल के के. संतोष सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। C1 बॉयज में भोपाल के प्रिंस गोस्वामी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उज्जैन और भिंड के खिलाड़ियों को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

कुश्ती: इंदौर के पहलवानों का दंगल में दमदार प्रदर्शन

कुश्ती के पहले दिन इंदौर के पहलवानों ने मैट पर अपनी ताकत दिखाई। अनुष्का बौरासी (65 किग्रा) और लक्ष्मी जरिया (50 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतकर इंदौर का मान बढ़ाया। जिले ने पहले दिन कुल 2 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक अर्जित किए।

खेल मंत्री ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को कोलार स्टेडियम, मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम और टीटी नगर स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कबड्डी और हॉकी के लाइव मुकाबले देखे और खिलाड़ियों से सीधे संवाद किया। सारंग ने खिलाड़ियों से उनके भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है।

प्रदेशव्यापी आयोजन

वर्तमान में प्रदेश के 9 संभागों में 28 अलग-अलग खेलों की प्रतियोगिताएं जारी हैं। आगामी दिनों में फेंसिंग, ताइक्वांडो, खो-खो और जूडो जैसी स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इन खेलों के माध्यम से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles