एमपी शीर्ष पर, पहले दिन 4 स्वर्ण और 8 रजत पदक
एनएसटी न्यूज, भोपाल। 36वीं राष्ट्रीय केनो स्प्रिंट सीनियर महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता में मेजबान मध्यप्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही दिन पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। लोअर लेक, भोपाल में चल रही इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एमपी खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण और 8 रजत पदक जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ और मध्य प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों और संस्थानों की टीमें भाग ले रही हैं। कुल 560 खिलाड़ी और 40 तकनीकी अधिकारी इस आयोजन का हिस्सा हैं। पहले दिन कयाक K1, K2, K4 और केनो C1, C2, C4 की 1000 मीटर दूरी की हीट्स और फाइनल स्पर्धाएं कराई गईं।
मध्यप्रदेश की ओर से सबसे आकर्षक प्रदर्शन 13 वर्षीय उभरती खिलाड़ी मानवी जाट का रहा, जिन्होंने कयाक K-1 1000 मीटर सीनियर वर्ग में 4:32.536 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीतकर सभी को प्रभावित किया। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि मानवी ने सीनियर वर्ग में अनुभवी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा। केरल की एंड्रिया पॉलोज़ को रजत और इंडियन पुलिस की कौशल नंदिनी को कांस्य पदक मिला।
पदक तालिका में एमपी के बाद एसएससीबी आर्मी 4 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि इंडियन पुलिस टीम 2 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। हालांकि पहले दिन चर्चा का केंद्र मध्यप्रदेश का संतुलित और प्रभावी प्रदर्शन रहा।
उद्घाटन समारोह में दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवान दास सबनानी सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन सचिव मयंक ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला एवं पुरुष वर्ग की 500 मीटर दूरी की हीट्स, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे, जिनमें भी मध्यप्रदेश से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

